15 फरवरी को साईकिल रैली, हर शनिवार ईंधन रहित वाहन दिवस
पर्यावरण संरक्षण (environmental protection) के लिए जनभागीदारी एवं जनजागरूकता के लिए सायकिल रैली का आयोजन 15 फरवरी को
Seoni 13 February 2025
सिवनी यशो:- सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक सिवनी द्वारा बताया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के कायाकल्प प्रोग्राम के अन्तर्गत कार्बन फुट प्रिंट को कम करने के उद्देश्य से आमजन की जनभागीदारी एवं जनजागरूकता हेतु जिला चिकित्सालय सिवनी द्वारा शनिवार 15 फरवरी को साइकिल रैली आयोजन किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि उक्त रैली शनिवार 15 फरवरी को प्रात: 07:00 बजे जिला चिकित्सालय सिवनी परिसर से बाहुबली चौक होते हुए गांधी भवन कचहरी चौक एवं फुटबाल स्टेडियम ग्राउंड पहुंचने के उपरांत पुरूस्कार वितरण भी किया जावेगा। उक्त दिवस को सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी व्यवस्था बनाते हुए साइकिल लेकर आयें।
थीम “हर शनिवार – ईंधन रहित वाहन दिवस” पर प्रत्येक शनिवार को समस्त अधिकारी-कर्मचारी सार्वजनिक वाहन, कार, बाईक पूल करके आवे (रास्ते में अपने साथ कुछ और साथियों को लेकर आये कम वाहनों का उपयोग करें )। उन्होंने बताया कि उक्त दिवस को जो अधिकारी-कर्मचारी जिला चिकित्सालय के नजदीक निवासरत हैं वो पैदल- साइकिल से आयेंगे एवं दूरस्थ निवासरत अत्यंत आवश्यकता होने पर वाहन, व्हीकल पूल का उपयोग करेंगे तथा चिकित्सीय व्यवस्था हेतु अपने-अपने विभाग, कक्ष में साथी अधिकारी-कर्मचारी से समन्वय स्थापित कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के लिए भी सभी को निर्देशित किया गया है।





