छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

संविदा विद्युत कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग, यूनाइटेड फोरम ने सौंपा ज्ञापन

7 अक्टूबर तक विभागीय परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ तो अक्टूबर में कार्य बहिष्कार, दीपावली से पहले अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

संविदा विद्युत कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग, हड़ताल की चेतावनी

Chhindwara, 05 October 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्यप्रदेश की विद्युत कंपनियों में कार्यरत संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्प्लॉइज़ एवं इंजीनियर्स की छिंदवाड़ा इकाई ने मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पूर्व में स्वीकृत योजना के अनुसार संविदा कर्मचारियों को समकक्ष नियमित रिक्त पदों पर नियुक्ति/नियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की है।

31 अक्टूबर तक पूरी होनी है प्रक्रिया

यूनाइटेड फोरम ने ज्ञापन में कहा कि ऊर्जा विभाग के पत्र क्रमांक 5240/2026/तेरह/04, दिनांक 24 जुलाई 2026 के माध्यम से संविदा कार्मिकों को समकक्ष नियमित रिक्त पदों पर नियुक्ति देने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।

संगठन के अनुसार शासन के निर्देशों के तहत भर्ती की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण की जानी है तथा इसके लिए पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

दो माह बाद भी नोटिफिकेशन जारी नहीं

यूनाइटेड फोरम ने आरोप लगाया कि योजना की स्वीकृति को दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक विभागीय परीक्षा/भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। इससे प्रदेशभर के हजारों संविदा विद्युत अधिकारियों एवं कर्मचारियों में असंतोष और भविष्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।

संगठन ने मांग की है कि स्वीकृत योजना को बिना विलंब लागू करते हुए विभागीय परीक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रिया का नोटिफिकेशन तत्काल जारी किया जाए।

7 अक्टूबर तक मोहलत, फिर कार्य बहिष्कार

यूनाइटेड फोरम ने कंपनी प्रबंधन को आंदोलन का नोटिस दिए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2026 तक यदि विभागीय परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता है तो अक्टूबर माह में एक दिन का प्रतीकात्मक कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

संगठन ने आगे चेतावनी दी कि इसके बाद भी मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो दीपावली से पूर्व प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

फोरम ने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल के कारण प्रदेश की विद्युत व्यवस्था पर पड़ने वाले किसी भी विपरीत प्रभाव या संभावित अव्यवस्था के लिए ऊर्जा विभाग एवं संबंधित कंपनी प्रबंधन जिम्मेदार होंगे।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान यूनाइटेड फोरम के प्रांतीय सचिव प्रभुनारायण नेमा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य डीके नगरकर, पूर्व क्षेत्र कंपनी उपाध्यक्ष आरके सोनी, जिला अध्यक्ष केएस राजपूत, व्हीके राउत, एनके सोंधिया, संतोष शर्मा, गौरव तिवारी, संतोष सोनी, गणेश कड़ू, रमेश बिहारी, सुशील विश्वकर्मा, राम वर्मा, संजय पेठे, भूपेंद्र सुहागपुर, देवेंद्र दीवान, शुभम झारखंडे, रमेश दास, कमलेश पवार, श्रीराम वर्मा, श्याम राजस, पवन पवार, सतीश खोशी, विलास ताजने, रविंद्र धारपुरे, भगवान सिंह मेश्राम, श्याम वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :-

आंगनवाड़ी में बच्चों को बांटे घुन लगे चावल, गुणवत्ता पर उठे सवाल

सेवा सेतु अभियान के तहत सौंसर में 66वां नि:शुल्क नेत्र शिविर संपन्न

वन अधिकार कानून ग्राम सभा का अधिकार, वन विभाग का प्रशासनिक विवेक नहीं : डॉ. अशोक मर्सकोले

अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा: मां और मामा पर युवती की हत्या का आरोप, शव मक्के के खेत में फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश

नागपुर जा रही मरीज से भरी एंबुलेंस कंटेनर से टकराई, एक की मौत; 4 घायल

https://ntvtime.com/mp-bijli-karmchari-andolan-samvida-regularization/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!