श्री हनुमान लोक परियोजना के द्वितीय चरण की कार्ययोजना बनी, तीव्र गति से होंगे निर्माण कार्य
माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन और न्यास ने तैयार की विस्तृत कार्ययोजना
Chhindwara 28 March 2025
जामसांवली/सौसर यशो:- प्रदेश के श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र जाम सांवली स्थित चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर को भव्य स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा 23 मार्च को जाम सांवली मंदिर में दर्शन और प्रथम चरण के कार्यों के अवलोकन उपरांत द्वितीय चरण की स्वीकृति की घोषणा की गई थी।
मुख्यमंत्री की घोषणा को मूर्त रूप देने के लिए आज न्यास कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कलेक्टर एवं न्यास प्रबंधक श्री अजय देव शर्मा जी की अध्यक्षता में जिला प्रशासन, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम तथा श्री हनुमान मंदिर न्यास के पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया। बैठक में द्वितीय चरण के कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई, जिससे आने वाले समय में श्री हनुमान लोक के कार्यों को तीव्र गति मिलेगी।
प्रथम चरण के कार्य अतिशीघ्र होंगे पूर्ण
मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अधीक्षण यंत्री श्री राजीव श्रीवास्तव जी ने जानकारी दी कि श्री हनुमान लोक परियोजना के प्रथम चरण के कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस चरण में मंदिर प्रांगण के विस्तार, सौंदर्यीकरण एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।
द्वितीय चरण में भव्य निर्माण कार्य होंगे शामिल
द्वितीय चरण के तहत भक्तों के लिए सुविधाओं का विस्तार करते हुए दर्शन वेटिंग हॉल , श्री हनुमान प्रदर्शनी हॉल कम प्रवचन हॉल , सर्वसुविधायुक्त भक्त निवास, विशाल पार्किंग क्षेत्र, श्रद्धालुओं हेतु विश्रामालय तथा मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
इस संबंध में पर्यटन विकास निगम की आर्किटेक्ट श्रीमती संगीता वैश्य, नई दिल्ली द्वारा द्वितीय चरण की विस्तृत योजना प्रस्तुत की गई, जिसमें आधुनिक वास्तुकला और परंपरागत धार्मिक मूल्यों का समावेश करते हुए निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने की रूपरेखा बनाई गई।
श्री मूर्ति गर्भगृह निर्माण की प्रतिबद्धता
श्री हनुमान मंदिर न्यास के अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा जी ने श्री मूर्ति गर्भगृह निर्माण की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य की डिजाइनिंग और प्लानिंग कार्य प्रगति में है, तथा शीघ्र ही भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस गर्भगृह का निर्माण मंदिर की पारंपरिक आस्था और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय को दर्शाने वाला होगा, जिससे श्रद्धालुओं को एक दिव्य अनुभव प्राप्त हो सकेगा।
प्रशासन का पूर्ण सहयोग और समयबद्धता पर बल
बैठक में कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा जी ने सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा न्यास को प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि श्री हनुमान लोक परियोजना न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय आर्थिक और सांस्कृतिक विकास का भी माध्यम बनेगी।
बैठक के उपरांत स्थलीय निरीक्षण और महाप्रसाद ग्रहण
बैठक के उपरांत उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने श्री हनुमान लोक प्रथम चरण के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके पश्चात श्री मूर्ति के दर्शन एवं महाप्रसाद ग्रहण कर भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की गई।
बैठक में उपस्थित प्रमुख गणमान्यजन
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासक न्यास एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सौसर सिद्धार्थ पटेल जी, अनुविभागीय अधिकारी लोकनिर्माण विभाग सुधांशु चौरसिया, न्यास के संरक्षक दादाराव बोबडे,सचिव टीकाराम कारोकर, सह-कोषाध्यक्ष मनोहर शेलकी, निर्माण समिति के सदस्य नितिन मोहगावकर, संदीप मोहोड़ , शिशिर खंडार, अजय धवले, न्यास के आर्किटेक्ट नितिन बागानी, प्रशासनिक अधिकारी एवं न्यास के कर्मचारीगण सभी उपस्थित रहे एवं निर्माण कार्यों को तीव्र गति देने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
श्री हनुमान लोक – श्रद्धा, भव्यता और सेवा का प्रतीक
श्री हनुमान लोक” परियोजना केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि श्रद्धा, भव्यता और भक्तों की सेवा का एक अनूठा केंद्र बनने जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से मध्यप्रदेश को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी और लाखों श्रद्धालुओं को यहां आकर दिव्य अनुभूति प्राप्त




