दक्षिण नगर मंडल में जनसेवा एवं स्वच्छता के कार्यक्रमों पहुँची सांसद भारती
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं सिवनी विधायक की रही गरिमामय उपस्थिती
Seoni 08 April 2025
सिवनी यशो:- डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के पूर्व भारतीय जनता पार्टी दक्षिण नगर मंडल द्वारा सेवा बस्ती अंबेडकर वार्ड में दिनभर जनसेवा और स्वच्छता से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, सांसद श्रीमती भारती पारधी, एवं विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सहभागिता कर जनसंवाद एवं सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से हुई, जहां जनप्रतिनिधियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनकी शिक्षा और ज़रूरतों के बारे में जानकारी ली। बच्चों को बैठने के लिए कुर्सियाँ प्रदान की एवं चॉकलेट बिस्किट का वितरण किया गया, जिससे उनकी पढ़ाई में सुविधा हो सके।
इसके पश्चात प्रतिनिधि मंडल ने अंबेडकर स्कूल का निरीक्षण कर वहां के स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था का जायजा लिया। बच्चों को पानी की बोतलें एवं मटके प्रदान किए गए, जिससे गर्मी के मौसम में साफ़ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राही लाभार्थियों से संवाद किया गया। जनप्रतिनिधियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनके क्रियान्वयन से संबंधित सुझाव भी प्राप्त किए। आम जनमानस की समस्याओं को सुनकर समाधान हेतु आश्वासन दिया गया।
इसके पश्चात वर्षों से उपेक्षित स्थिति में पड़े “मीठी तलैया” तालाब में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह तालाब कभी अंबेडकर वार्ड की पहचान था। अब इसे पुन: स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में पहल की गई है। तालाब की सफाई के साथ जल संरक्षण व पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी जनप्रतिनिधि भाजपा नेता गोपाल पवमे के निवास पहुंचे और वहां सौजन्य भेंट कर संगठनात्मक चर्चा की। नगर भाजपा दक्षिण मंडल के अध्यक्ष अभिषेक दुबे ने सभी कार्यक्रमों में उपस्थित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओ का आभार व्यक्त किया।





