मध्यप्रदेशव्यापारसिवनी
पलायन पर लगेगा ब्रेक, सिवनी में खुला लघु उद्योग विकास परिषद कार्यालय
Seoni 07 June 2025
सिवनी यशो:- जिले में बढ़ती बेरोजगारी और पलायन की समस्या के समाधान हेतु लघु उद्योग विकास परिषद ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिला मुख्यालय स्थित कनिष्ठा होटल में परिषद के कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिसमें परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में श्री ठाकुर ने कहा कि परिषद का उद्देश्य पलायन कर रहे लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। परिषद द्वारा विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी लाभों की जानकारी दी जाएगी और उन्हें उद्योगों से जोडऩे का कार्य किया जाएगा।
सिडिको के संरक्षक अभिनंदन पाठन ने बताया कि परिषद की लघु उद्योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता योजना के माध्यम से उद्यमियों को आवश्यक संसाधन, पूंजी और बाजार से जुड़ी जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिल सकेगी।
परिषद के मैनेजमेंट डायरेक्टर अभिषेक कुमार ने कहा कि ग्राम स्वराज्य की भावना को साकार करते हुए परिषद के माध्यम से नि:शुल्क कढ़ाई, सिलाई, बुनाई और पेंटिंग जैसे प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
इस अवसर पर परिषद की जिला परिवेक्षिका कविता कहार ने जिले में बड़े उद्योगों की कमी और पलायन की गंभीर समस्या को उठाया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय अब सिवनी जिले के युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलेगा और उन्हें अपने परिवार के साथ रहकर काम करने का अवसर देगा।
कार्यक्रम का संचालन राजू कहार ने किया। समारोह में पदम सनोडिया विशिष्ट अतिथि रहे। जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए समन्वयकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर का स्वागत किया। ठाकुर ने हर ब्लॉक में कार्यालय खोलने की प्रतिबद्धता भी जताई।






