सिवनी 12 अप्रैल 2023
सिवनी यशो:- बीते माह 23 मार्च की शाम इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र माह रमजान का चांद नजर आने के पश्चात इस्लाम धर्म के अनुयायियों द्वारा 24 मार्च को पहला रोजा रखा गया, पहले रोजे के साथ ही माह रमजान का पहला अशराह रहमत व बरकत का प्रारंभ हुआ, जोकि 2 अप्रैल 10 वें रोजे तक जारी रहा।
माह रमजान का दूसरा अशराह 3 अप्रैल 11 वें रोजे से मगफिरत का प्रारंभ हुआ जो कि 12 अप्रैल 20 वें रोजे तक जारी रहा इसके बाद आज 13 अप्रैल 21 वें रोजे से माह रमजान का तीसरा अशराह जहन्नम से आजादी का प्रारंभ हो रहा है जो कि आखिरी रोजे तक जारी रहेगा। माह रमजान को तीन अशराह में बांटा गया है जिसमें पहला अशराह रहमत व बरकत का पहले रोजे से 10 वें रोजे तक, दूसरा अशराह मगफिरत का 11 वें रोजे से 20 वें रोजे तक एवं तीसरा अशराह जहन्नम से आजादी का 21 वें रोजे से आखिरी रोजे तक रहता है।
शबे कद्र का सिलसिला हुआ प्रारंभ
माह रमजान के तीसरे अशराह में 5 शबे कद्र भी पड़ती है, शबे कद्र को बरकत वाली रात भी कहा जाता है इस रात के बारे में बताया जाता है कि शबेकद्र की एक रात की इबादत एक हजार महीनों की रात से बेहतर है। इसलिए माह रमजान के आखिरी अशराह में शबेकद्र की रातों में रोजेदार दिन के समय रोजा रखकर रात में अपने पालनहार की इबादत करता है। आखिरी अशराह में 21, 23, 25, 27 एवं 29 वीं शब्र को शबेकद्र को मनायी जाती है इस दौरान मस्जिदों में नमाज व तिलावत के साथ दीगर इबादत भी की जाती है। 20 रमजान बुधवार की शाम से 21 वीं शब्र प्रारंभ हो गई, जो कि माह रमजान की पहली शबेकद्र बतायी जाती है।
मस्जिदों में प्रारंभ हुआ ऐतेकाफ
माह रमजान के आखिरी अशराह में 21 वीं शब्र की शुरूवात होते ही मस्जिदों में ऐतेकाफ भी किया जाता है जो कि माह साव्वाल (ईद का चांद) का चांद नजर आने तक जारी रहता है। माह रमजान के आखिरी अशराह जहन्नम से आजादी का रहता है इस आखिरी अशराह में तमाम मस्जिदों में कुछ लोगों के द्वारा ऐतेकाफ भी किया जाता है। 20 वें रोजे की शाम से मस्जिदों में ऐतेकाफ प्रारंभ हुआ जो कि आखिरी रोजे तक जारी रहेगा। ऐतेकाफ करने वाले लोग ऐतेकाफ के दौरान लगभग 10 दिनों तक मस्जिदों में ही रहकर रोजा रखने के साथ ही कुरआन की तिलावत करना, नमाज व जमाआत अदा करने के साथ अन्य इबादत में मशगूल रहते है।