विधायक दिनेश राय मुनमुन ने पीड़ित परिवार से मिलकर दी सांत्वना, आर्थिक सहायता स्वीकृत
बण्डोल के ग्राम दुकली में कुआं हादसे के पीड़ित परिवार से मुलाकात, जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना

बण्डोल, सिवनी यशो:- दिनेश राय मुनमुन ने ग्राम दुकली में हुए दर्दनाक कुआं हादसे के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आर्थिक सहायता स्वीकृत की। उन्होंने शोक संतृप्त परिवार को ढांढ़स बंधाया तथा घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात विधायक जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में घायल समरिया बाई जंघेला से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

पांच दिन पूर्व हुआ था दर्दनाक हादसा
उल्लेखनीय है कि ग्राम दुकली में पांच दिन पूर्व निर्माणाधीन कुएं के धंसने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें तराई कार्य के दौरान एक ही परिवार की तीन महिलाएं मलबे में दब गई थीं।
जानकारी के अनुसार समरिया बाई जंघेला (79), उनकी बेटी अनुसुईया जंघेला (45) और नातिन स्वाति (19) कुएं में कार्य कर रही थीं, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू कर बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि माँ-बेटी मलबे में फंस गई थीं।
देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद माँ-बेटी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बन गया था।
प्रशासनिक टीम ने चलाया था लंबा रेस्क्यू अभियान
घटना के समय जिला प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से लगभग 40 फीट गहरे कुएं से मलबा हटाने का प्रयास किया गया था। देर रात तक अभियान जारी रहा था।
ग्रामीणों में शोक, आज भी चर्चा में हादसा
यह हादसा पूरे क्षेत्र में अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीण इसे एक बड़ी निर्माण सुरक्षा चूक के रूप में देख रहे हैं।



