5 जून से जिलेभर में विशेष अभियान, पौधरोपण से योग दिवस तक तैयारियों की समीक्षा
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं और योग दिवस आयोजन को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
सिवनी में कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा -5 जून से जिलेभर में विशेष अभियान प्रभारी कलेक्टर ने दिए निर्देश
Seoni 03 June 2026
सिवनी यशो:- जिले में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर अनिल कुमार राठौर ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों तक पहुंच, प्राकृतिक खेती के प्रसार तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी कलेक्टर ने 5 जून से प्रारंभ होने वाले “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि-
अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाए तथा पौधों की सुरक्षा एवं उनकी उत्तरजीविता सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन अनिवार्य रूप से किया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए तथा इसमें सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण गतिविधियों तथा शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों और छात्रावासों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि अभियान अवधि के दौरान स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाए।
प्रभारी कलेक्टर ने 12 से 18 जून तक आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण प्राथमिकता से करने पर बल दिया।
उन्होंने 19 एवं 20 जून को प्रस्तावित प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं तथा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।



