मध्यप्रदेशसिवनी

भारतीय सेना में चयनित एनसीसी कैडेट्स और अग्निवीर सैनिक का पीजी कॉलेज सिवनी में भव्य स्वागत

हर्षित बघेल और सूरज चौहान का सेना में चयन, राजाराम ने पूर्ण किया अग्निवीर प्रशिक्षण

Seoni 07 June 2026
सिवनी यशो:- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज सिवनी में उस समय गौरव और उत्साह का माहौल बन गया, जब राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट हर्षित बघेल का अग्निवीर ट्रेड्समैन तथा सूरज चौहान का अग्निवीर टेक्निकल पद पर भारतीय सेना में चयन होने पर और कैडेट राजाराम के सफलतापूर्वक अग्निवीर प्रशिक्षण पूर्ण कर सैनिक के रूप में महाविद्यालय आगमन पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में क्षेत्रीय विधायक दिनेश राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय बाबा पाण्डेय ने की।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान चयनित कैडेट्स एवं प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे सैनिक राजाराम का पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने कहा कि यह सफलता अनुशासन, कठोर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने एनसीसी को युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और देशभक्ति विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया।

विधायक श्री दिनेश राय ने कहा कि ग्रामीण अंचल के युवाओं का भारतीय सेना में चयन पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सेना में सेवा करना केवल रोजगार नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए समर्पण का प्रतीक है।

श्री अजय बाबा पाण्डेय ने विद्यार्थियों से इन कैडेट्स से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

वहीं प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक एवं 24 एमपी बटालियन छिंदवाड़ा के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर कैडेट्स के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और गौरव का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम का संचालन स्पोर्ट ऑफिसर श्री केसी राउर ने किया।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button