सिवनी-बालाघाट फोरलेन को लेकर बड़ी खबर
जीरो माइल से होगा निर्माण, बरघाट में बायपास नहीं अब ओवरब्रिज का प्रस्ताव
सिवनी-बालाघाट फोरलेन को लेकर बढ़ी उम्मीदें
जीरो माइल से निर्माण और बरघाट में ओवरब्रिज की तैयारी
पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन ने भोपाल में MPRDC अधिकारियों से की चर्चा, खिड़की घाट पुल को भी जल्द मिल सकती है स्वीकृति
सिवनी। सिवनी-बालाघाट मार्ग के फोरलेन निर्माण को लेकर लंबे समय से क्षेत्रवासियों की अपेक्षाएं अब पूरी होती नजर आ रही हैं। पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन ने दैनिक यशोन्नति से मोबाइल पर हुई चर्चा में बताया कि-
भोपाल प्रवास के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के प्रबंध निदेशक भरत यादव एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सिवनी-बालाघाट फोरलेन मार्ग और सिवनी-कटंगी मार्ग स्थित खिड़की घाट पर प्रस्तावित उच्चस्तरीय पुल निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. बिसेन ने बताया कि अपने संसदीय कार्यकाल से ही वे लगातार यह प्रयास करते रहे हैं कि सिवनी-बालाघाट फोरलेन मार्ग का निर्माण बरघाट बायपास से नहीं, बल्कि सिवनी शहर के जीरो माइल से प्रारंभ किया जाए, जिससे सिवनी शहर और आसपास के नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
अब अधिकारियों से चर्चा के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि प्रस्तावित फोरलेन मार्ग का निर्माण सिवनी के जीरो माइल से ही शुरू किया जाएगा।
बरघाट बायपास के स्थान पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव
पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन ने बताया कि बरघाट नगर में पहले बायपास निर्माण की चर्चा थी, लेकिन अब संबंधित विभाग द्वारा नगर के भीतर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सर्वे कर प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इससे बरघाट नगर में यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होने और स्थानीय व्यापार एवं आवागमन प्रभावित न होने की संभावना जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सिवनी-बालाघाट मार्ग को पूरी तरह व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों को लेकर संवेदनशील है और सड़क विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
वर्तमान मार्ग को चौड़ा कर बनेगा फोरलेन
डॉ. बिसेन के अनुसार सिवनी-बरघाट-बालाघाट मार्ग पर वर्तमान प्रचलित सड़क को चौड़ा कर फोरलेन विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही नगझर से खैरीटेक बायपास मार्ग का पुनर्निर्माण भी परियोजना में शामिल रहेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जीरो माइल से निर्माण कार्य शुरू होने के साथ बरघाट रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
यह निर्माण कार्य सेतु बंधन योजना अथवा MPRDC के माध्यम से कराया जा सकता है।
जल्द जारी हो सकते हैं टेंडर
चर्चा के दौरान अधिकारियों ने संकेत दिए कि सिवनी-बालाघाट फोरलेन परियोजना के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
इससे क्षेत्रवासियों में परियोजना को लेकर उत्साह बढ़ा है।
खिड़की घाट के ब्लैक स्पॉट पर बनेगा उच्चस्तरीय पुल
सिवनी-कटंगी मार्ग के खिड़की घाट स्थित ब्लैक स्पॉट पर प्रस्तावित उच्चस्तरीय पुल को लेकर भी सकारात्मक जानकारी सामने आई है।
डॉ. बिसेन ने बताया कि –
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस पुल को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा आगामी बजट में इसे शामिल किए जाने की संभावना है।
ज्ञात हो कि खिड़की घाट क्षेत्र लंबे समय से दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में उच्चस्तरीय पुल निर्माण से दुर्घटनाओं में कमी आने और आवागमन अधिक सुरक्षित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
यदि प्रस्तावित फोरलेन और पुल निर्माण कार्य समय पर शुरू होते हैं तो इससे सिवनी, बरघाट और बालाघाट क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और परिवहन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।



