मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

परिवहन अधिकारी की कार्यप्रणाली से शासन को राजस्व नुकसान का आरोप

महंगी गाड़ियों का गुजरात में पंजीयन कराने की शिकायत, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

छिंदवाड़ा परिवहन विभाग शिकायत –  अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पर लगे गंभीर आरोप

chhindwara 11 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि परिवहन विभाग की लापरवाही और कथित सहमति के चलते मध्यप्रदेश शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि छिंदवाड़ा जिले में 20 लाख रुपये से अधिक कीमत वाले कई चौपहिया वाहनों का पंजीयन गुजरात में कराया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गुजरात में वाहन कर कम होने के कारण वाहन मालिक वहां रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं, जबकि वाहन मध्यप्रदेश में संचालित हो रहे हैं।

शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप

शिकायतकर्ताओं ने दावा किया कि इस संबंध में परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला को जानकारी दी गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि शिकायतों को नजरअंदाज किया गया, जिससे शासन को लगातार राजस्व हानि हो रही है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो मध्यप्रदेश को भविष्य में और अधिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

“फेसलेस कार्यालय” व्यवस्था पर भी सवाल

शिकायतकर्ताओं ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की मंशानुसार परिवहन कार्यालयों को फेसलेस बनाया जाना था, लेकिन छिंदवाड़ा कार्यालय में अभी भी फाइलों को मैन्युअली निकलवाकर नोटशीट तैयार की जाती है।

आरोप लगाया गया है कि बाबुओं द्वारा फाइलों पर टिप्पणियां लिखकर कथित रूप से सेवा शुल्क लिया जाता है, जबकि अधिकांश प्रक्रियाएं ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड एवं सत्यापन के माध्यम से पूरी की जा सकती हैं।

आरसी के नाम पर सेवा शुल्क लेने का आरोप

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि वाहन फोर पोर्टल पर कई कार्य बिना आरसी के भी संभव हैं, लेकिन परिवहन कार्यालय में छोटी गाड़ियों के मामलों में आरसी की अनिवार्यता बताकर कथित रूप से अतिरिक्त सेवा शुल्क लिया जाता है। आरोप है कि शुल्क नहीं देने पर फाइलों को लंबित रखा जाता है।

तीन जिलों का प्रभार होने से प्रभावित हो रहे काम

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के पास छिंदवाड़ा के अलावा पांढुर्ना और बैतूल जिलों का भी प्रभार है। इससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने मांग की है कि एक अधिकारी को केवल एक जिले का प्रभार दिया जाए, ताकि परिवहन विभाग के कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

https://www.shiprocket.in/blog/rto-protection-for-sellers/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button