WhatsApp Image 2026-06-16 at 6.41.56 PM
सिवनीक्राइममध्यप्रदेश

2 करोड़ की फिरौती, लॉरेंस गैंग और सिवनी कनेक्शन: दिल्ली पुलिस की जांच से मचा हड़कंप

हैरी बॉक्सर के नाम से कारोबारी को धमकी, तकनीकी जांच में सिवनी का मोबाइल नंबर आया सामने

सिवनी लॉरेंस बिश्नोई गैंग रंगदारी मामला, जांच के लिए पहुंची दिल्ली पुलिस सिवनी 

सिवनी यशो :- राजधानी दिल्ली के एक कारोबारी से कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले के तार मध्यप्रदेश के सिवनी जिले से जुड़ने के बाद दिल्ली पुलिस की विशेष टीम गुरुवार को जिले के बंडोल क्षेत्र पहुंची। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर एक मोबाइल नंबर की पड़ताल की, जिसका उपयोग कथित रूप से धमकी देने और फिरौती मांगने के लिए किया गया था।

जानकारी के अनुसार दिल्ली के एक व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकी देते हुए 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से संपर्क किया गया, उसका पंजीयन सिवनी जिले के बंडोल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रंगदारी की यह कॉल लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैरी बॉक्सर के नाम से की गई थी। सुराग मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम सिवनी पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से जांच शुरू की।

बंडोल निवासी के नाम पर दर्ज मिला मोबाइल नंबर

जांच में सामने आया कि जिस मोबाइल नंबर का उपयोग किया गया, वह बंडोल निवासी सुनील सतनामी के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सुनील से पूछताछ की और तकनीकी एवं फोरेंसिक जांच के लिए उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया। मोबाइल को आगे की जांच के लिए दिल्ली ले जाया गया है।

अब तक नहीं मिले प्रत्यक्ष संलिप्तता के साक्ष्य

सूत्रों के अनुसार मोबाइल नंबर सुनील सतनामी के नाम पर दर्ज होने के बावजूद अब तक की जांच में उसकी किसी आपराधिक गतिविधि या रंगदारी प्रकरण में प्रत्यक्ष संलिप्तता के प्रमाण नहीं मिले हैं। पुलिस फिलहाल तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

स्पूफिंग या हैकिंग की आशंका पर जांच

प्रारंभिक जांच में यह संभावना भी जताई जा रही है कि किसी अनाधिकृत तकनीकी माध्यम, जैसे स्पूफिंग या हैकिंग के जरिए मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर व्हाट्सएप कॉल की गई हो। साइबर विशेषज्ञ इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं नंबर धारक की जानकारी के बिना उसके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल तो नहीं किया गया।

दिल्ली पुलिस कर रही जांच

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरा मामला दिल्ली पुलिस के अधिकार क्षेत्र का है और जांच भी दिल्ली पुलिस द्वारा ही की जा रही है। स्थानीय पुलिस आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही है, लेकिन सिवनी में इस संबंध में कोई अलग मामला दर्ज नहीं किया गया है।

जांच एजेंसियां अब मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रही है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button