मोहर्रम की रौनक से जगमगाया सिवनी, आज निकलेगी 15 अखाड़ों की अज़ीम-ओ-शान रैली
फैजगंज चौक इमामबाड़े से होगा आगाज़, पारंपरिक करतबों और सलामी के साथ काजी वार्ड में होगा समापन
सिवनी मोहर्रम रैली – आज निकलेगी 15 अखाड़ों की भव्य रैली, शहर में बढ़ी रौनक
सिवनी, यशो :- इस्लामी नववर्ष की शुरुआत के साथ मोहर्रम का मुकद्दस महीना पूरे जिले में अकीदत, इबादत और श्रद्धा के वातावरण में मनाया जा रहा है। मुस्लिम समुदाय द्वारा हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) और कर्बला के शहीदों की याद में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार 23 जून को सिवनी नगर में अखाड़ों की भव्य एवं पारंपरिक रैली निकाली जाएगी, जिसमें नगर के लगभग 14 से 15 अखाड़े शामिल होकर अपने फन, शौर्य और पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
मोहर्रम इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद असलम खान पत्ते वाले की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कमेटी के प्रवक्ता हसीब कुरैशी ने बताया कि मोहर्रम पर्व को लेकर नगर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष उत्साह का माहौल है। इमामबाड़ों और अखाड़ों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा युवाओं और बुजुर्गों द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
फैजगंज चौक इमामबाड़े से शुरू होगी रैली
कमेटी के अनुसार अखाड़ों की विशाल रैली मंगलवार शाम लगभग 4 बजे फैजगंज चौक स्थित इमामबाड़े से प्रारंभ होगी। परंपरा के अनुसार सभी अखाड़े सबसे पहले कुंजड़ी मोहल्ला पंचायती अखाड़े में पहुंचकर सलामी पेश करेंगे। इसके बाद सभी अखाड़े इमामबाड़े में एकत्रित होकर नगर भ्रमण के लिए रवाना होंगे।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा जुलूस
अखाड़ों की यह अज़ीम-ओ-शान रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। इस दौरान अखाड़ों के सदस्य पारंपरिक खेल, लाठी-कला, शौर्य प्रदर्शन एवं धार्मिक अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे। रैली का समापन ध्यानचंद वार्ड स्थित काजी वार्ड में अंतिम सलामी और दुआ के साथ किया जाएगा।
शांतिपूर्ण आयोजन की अपील
मोहर्रम इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद असलम खान, व्यवस्थापक अकील सरकार, सरपरस्त हाजी शमी अंसारी, हाजी हैदर ठेकेदार, शब्बीर वारसी, हमीद भाई, जाहिद भाई, साबिर भाई, महफूज भाई, शफीक पटेल, राजीक अकील, हसीब कुरैशी, नब्बू भाई पार्षद, शोएब राजा, जुनैद सानी, फैसल खान, इरफान खान, सलीम खान, मोहम्मद अली, मुबीन कुरैशी, बब्लू भाई, डॉ. मंसूरी, अशर खान, शोएब नवाब, इलियास खान और तारिक अनवर सहित समस्त पदाधिकारियों एवं अखाड़ों के कप्तानों ने मुस्लिम समाज के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफल बनाने की अपील की है।
इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है मोहर्रम
मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि इंसानियत, सब्र, त्याग, सत्य और न्याय की राह पर चलने की प्रेरणा देने वाला पवित्र अवसर है। कर्बला की शहादत आज भी पूरी दुनिया को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और मानवता की रक्षा के लिए खड़े होने का संदेश देती है। यही कारण है कि मोहर्रम का महीना सभी वर्गों के लोगों के लिए सम्मान, श्रद्धा और सीख का प्रतीक माना जाता है।



