मध्यप्रदेशसिवनी

30 जून तक पूरा करें खाद्यान्न उठाव, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिला आपूर्ति अधिकारी ने परिवहनकर्ताओं को दी चेतावनी, जुलाई वितरण की तैयारियों की समीक्षा

खाद्यान्न उठाव सिवनी,30 जून तक पूरा करें लापरवाही पर होगी कार्रवाई : जिला आपूर्ति अधिकारी

Seoni 22 June 2026
सिवनी यशो:- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) अंतर्गत जुलाई 2026 के खाद्यान्न वितरण को समय पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के परिवहनकर्ताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्यान्न उठाव की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी संबंधित परिवहनकर्ताओं को 30 जून तक हर हाल में खाद्यान्न उठाव पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए परिवहनकर्ताओं को निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न उठाव में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीडीएस के साथ अन्य योजनाओं का खाद्यान्न भी समय पर पहुंचाने के निर्देश

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के परिवहनकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे पीडीएस के अलावा मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम), एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) तथा अन्य शासकीय योजनाओं के लिए आवंटित खाद्यान्न का भी समयबद्ध उठाव सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी योजना के संचालन में व्यवधान उत्पन्न न हो।

गोदामों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में सभी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों, मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केंद्र प्रभारियों तथा मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स निगम के शाखा प्रबंधकों को गोदामों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा खाद्यान्न उठाव प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी करने और किसी भी समस्या का त्वरित निराकरण करने के लिए कहा गया।

समय-सीमा का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिला आपूर्ति अधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के परिवहनकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर खाद्यान्न उठाव कार्य पूर्ण नहीं करने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और परिवहनकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की अपील की।

https://csmsmpscsc.mp.gov.in/csmsnew/cmyay/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button