मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित सिवनी दौरे की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए विस्तृत निर्देश
1 जुलाई के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सिवनी दौरा प्रस्तावित – तैयारियां तेज, कलेक्टर ने की समीक्षा
Seoni, 27 June 2026
सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 1 जुलाई को प्रस्तावित सिवनी प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की विस्तृत बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की तथा बाद में कार्यक्रम स्थल पॉलिटेक्निक ग्राउंड एवं हेलीपैड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में कलेक्टर ने कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े :- 01 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सिवनी दौरा प्रस्तावित! किसानों से जुड़े प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की चर्चा तेज
उन्होंने विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन, विभागीय विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, हितग्राहियों को हितलाभ वितरण, मंच संचालन, बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था तथा वीआईपी प्रोटोकॉल सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करें तथा प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल का लगातार निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े :- लोकतंत्र के मूल्यों को समर्पित प्रेरणादायी क्षण: लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान राष्ट्र का सम्मान — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम जिले के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें, जिससे कार्यक्रम का गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
पॉलिटेक्निक ग्राउंड एवं हेलीपैड का किया निरीक्षण
बैठक के बाद कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कार्यक्रम स्थल पॉलिटेक्निक ग्राउंड तथा हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयसीमा में पूर्ण करने तथा प्रत्येक व्यवस्था को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म परीक्षण करें ताकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर श्री सी.एल. चनाप, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा, एसडीएम श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नोट: मुख्यमंत्री का 1 जुलाई का सिवनी दौरा अभी प्रस्तावित है। जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं, जबकि अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना शेष है।



