जनसुनवाई बनी जनविश्वास की मिसाल, केवलारी में 619 फरियादियों की समस्याएं सुनीं कलेक्टर नेहा मीना ने
मौके पर कई मामलों का निराकरण, शेष प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
केवलारी जनसुनवाई 619 आवेदन, कलेक्टर नेहा मीना ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
Seoni, 07 July 2026
सिवनी यशो:- शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को केवलारी में आयोजित विशेष जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 619 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य, कृषि, विद्युत तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, सड़क, बिजली, राशन, आर्थिक सहायता सहित अन्य जनसमस्याओं से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
यह भी पढ़े :–70 प्रतिशत या अधिक अंक लाने वाले मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं जवाबदेही का मजबूत माध्यम है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ प्रकरणों का निराकरण करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों का निराकरण मौके पर संभव हो, उनका तत्काल समाधान किया जाए तथा शेष प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई कर आवेदकों को उसकी प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। विशेष रूप से राजस्व और लोकसेवा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़े :–मानसून मेहरबान: सिवनी जिले में 234.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज, बरघाट में सबसे ज्यादा 98.2 मिमी बारिश
जनसुनवाई के दौरान अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत की सीईओ अंजली शाह, एसडीएम महेश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav #seoni



