सिवनीक्राइम

डुण्डासिवनी पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश

5 शातिर आरोपी गिरफ्तार, ₹7.27 लाख का चोरी का माल बरामद; डुण्डासिवनी और कोतवाली की 5 वारदातों का खुलासा

सिवनी यशो :- जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में डुण्डासिवनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹7.27 लाख कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से डुण्डासिवनी थाना क्षेत्र की चार तथा कोतवाली थाना क्षेत्र की एक सहित कुल पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई।

मैहर दर्शन गए परिवार के घर में हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को ड्रीमलैंड सिटी निवासी रजनी पंचेश्वर ने थाना डुण्डासिवनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित मैहर दर्शन गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।

शिकायत पर थाना डुण्डासिवनी में अपराध क्रमांक 342/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

थाना प्रभारी निरीक्षक चैनसिंह उइके के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने डुण्डासिवनी क्षेत्र की चार और कोतवाली क्षेत्र की एक चोरी सहित कुल पांच वारदातें करना स्वीकार कर लिया।

₹7.27 लाख का मशरूका बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा माल बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—

₹28,440 नगद

सोने का रानी हार

सोने की अंगूठी

सोने की लौंग

चांदी की एक बड़ी एवं दो छोटी पायल

चांदी का सिक्का

दो मोटरसाइकिल

बरामद मशरूके की कुल कीमत ₹7,27,000 आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—

आमिर खान (22), अशोक वार्ड

आशीष वास्त्री (33), विवेकानंद वार्ड

अमन चौहान (19), मंगलीपेठ

इरशाद खान (32), गुरुनानक वार्ड

अंकित सिहोसे (26), ड्रीमलैंड सिटी

शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल सिवनी भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चैनसिंह उइके के नेतृत्व में उप निरीक्षक निसार खान, बालकृष्ण त्रिगाम तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button