मध्यप्रदेशसिवनी

सिवनी में इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, पेट्रोल पंप के पास बड़ा हादसा टला

चेन्नई से नोएडा जा रहा था ट्रक, बैटरियों में धमाकों के साथ उठीं लपटें; कुरई पुलिस और दमकल की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

सिवनी यशो :- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में नेशनल हाईवे-44 पर रविवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव के पास इलेक्ट्रिक वाहनों में उपयोग होने वाली बैटरियों से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई।

देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। बैटरियों के गर्म होने के बाद उनमें धमाकों जैसी आवाजें आने लगीं और चिंगारियां निकलने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

घटना ऐसे स्थान पर हुई जहां से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप स्थित है। समय रहते पुलिस और दमकल विभाग ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे आग को फैलने से रोक लिया गया और संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

चेन्नई से नोएडा जा रहा था ट्रक

पुलिस के अनुसार वाहन क्रमांक UP-16 QT-3397 चेन्नई से नोएडा की ओर इलेक्ट्रिक वाहनों में उपयोग होने वाली बैटरियां लेकर जा रहा था। चालक राम सिंह यादव (43) निवासी ग्राम औरैया, थाना पट्टी, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) मोहगांव में सड़क किनारे वाहन खड़ा कर भोजन करने गए थे। इसी दौरान ट्रक से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

स्थानीय लोगों ने आग लगते ही पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बैटरियों में आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति गंभीर हो गई।

कुरई पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कृपाल साह तेकाम पुलिस बल और डायल-112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सिवनी से दो दमकल वाहन तत्काल रवाना किए गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण प्राप्त किया।

हालांकि आग बुझने के बाद भी ट्रक में रखी इलेक्ट्रिक कारों में उपयोग होने वाली आठ बैटरियों की प्लेटें लंबे समय तक अत्यधिक गर्म बनी रहीं।

इसके कारण बीच-बीच में धुआं और छोटी-छोटी लपटें उठती रहीं। किसी भी पुनः सुलगने की आशंका को देखते हुए पुलिस और दमकल विभाग की टीम देर रात तक घटनास्थल पर निगरानी करती रही।

तकनीकी जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

विशेषज्ञों के अनुसार लिथियम आधारित बैटरियों में आग लगने की घटनाएं सामान्य आग की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होती हैं, क्योंकि इन बैटरियों में दोबारा आग भड़कने की संभावना बनी रहती है।

राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से पेट्रोल पंप सहित आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button