सिवनी में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: केस खत्म करने के नाम पर 1,500 रुपये रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार
उगली उप तहसील कार्यालय में कार्रवाई, मूल पद कोटवार पर रिश्वत मांगने का आरोप; जबलपुर लोकायुक्त टीम ने की ट्रैप कार्रवाई
सिवनी लोकायुक्त ट्रैप : उगली उप तहसील का बाबू 1500 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
Seoni 13 July 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने सिवनी जिले के केवलारी तहसील अंतर्गत उप तहसील उगली कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक बाबू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी आवेदिका और उसके परिजनों के खिलाफ दर्ज प्रकरण को समाप्त कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।
यह भी पढ़े :- युवा स्वाभिमान मिशन के तहत कांग्रेस की साइक्लोथॉन 14 जुलाई से, भोपाल में मुख्यमंत्री निवास घेराव का आह्वान
लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदिका रीना ठाकरे, निवासी ग्राम सुरेखा खुर्द, पोस्ट जेवनारा, तहसील केवलारी, जिला सिवनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पौड़ी का कोटवार कमलेश गनवीर, जो उप तहसील कार्यालय उगली में बाबू का कार्य करता है, उसके परिवार के विरुद्ध दर्ज प्रकरण को खत्म कराने के एवज में 3,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: सिवनी से 196 श्रद्धालुओं का कामाख्या धाम के लिए भव्य रवाना, तिलक और पुष्पमाला से दी विदाई
बताया गया कि पड़ोसी से विवाद के बाद थाना उगली में आवेदिका एवं उसके परिवार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(बी) एवं 135(3) के तहत कार्रवाई कर इस्तगासा उप तहसील कार्यालय उगली भेजा गया था। इसी प्रकरण में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी।
आवेदिका ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर से की। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा 1,500 रुपये रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़े :-आश्रम छात्र की सड़क हादसे में मौत, सूचना छिपाने पर अधीक्षक निलंबित
सोमवार 13 जुलाई 2026 को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने उप तहसील कार्यालय उगली में आरोपी कमलेश गनवीर को 1,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल का नेतृत्व निरीक्षक रेखा प्रजापति ने किया। टीम में निरीक्षक शशिकला मर्सकोले सहित लोकायुक्त जबलपुर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
यह भी पढ़े :-शिक्षा के मंदिर के पुजारी हैं अतिथि विद्वान’, सीएम मोहन यादव ने दिया भरोसा- जो संभव होगा, सरकार करेगी
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त कार्यालय में करें, ताकि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


