मध्यप्रदेशसिवनी

शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामवासियों ने जनसुनवाई में की कार्रवाई की मांग

चार वर्ष के लिए पौधरोपण हेतु दी गई थी भूमि, अवधि समाप्त होने के बाद मकान निर्माण का आरोप

सिवनी के गंगई गांव में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने जनसुनवाई में की शिकायत

Seoni 14 July 2026
सिवनी यशो:- जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम गंगई (थाना बंडोल) में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और मकान निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि चार वर्ष के लिए पौधरोपण के उद्देश्य से दी गई भूमि पर अब स्थायी कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार मोहन यादव, किशन लाल, राजकुमार सतनामी, निरंजन यादव और विनोद यादव पर शासकीय भूमि पर कब्जा कर मकान निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि यह भूमि शासन की है और इसका उपयोग जनहित के कार्यों के लिए होना चाहिए।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2001 में दक्षिण वन मंडल के अधिकारियों की उपस्थिति में एक सहमति पत्र तैयार किया गया था, जिसके तहत उक्त भूमि पर पौधरोपण के लिए चार वर्षों की अवधि के लिए उपयोग की अनुमति दी गई थी। उनका दावा है कि यह अवधि काफी पहले समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद संबंधित लोगों ने भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।

शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि जब ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना तहसीलदार और बंडोल थाना पुलिस को भी दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में जयनारायण, वीर सिंह, सुनील, देवनंदन, श्यामा बाई, कलाबाई, गोविंद यादव, नरेश यादव, राजेश यादव, कमलेश यादव, महेंद्र शुक्ला, मनोज, विक्रम सिंह, रामनरेश, रामदास सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई में दिए गए ज्ञापन और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष या प्रशासन की आधिकारिक जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button