मध्यप्रदेशखेलसिवनी

‘गांव की पगडंडी से ओलंपिक के सपने तक… सिवनी में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच’

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों का सम्मान; हेमंत बर्मन की उपलब्धियों ने बढ़ाया जिले का गौरव, हर साल होगी ‘सिवनी स्पोर्ट्स लीग’

सिवनी स्पोर्ट्स लीग का ऐलान, राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों का सम्मान 

Seoni 29 August 2026
सिवनी यशो:- खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा देने की पहल तेज होती दिखाई दे रही है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सिवनी के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल क्षेत्र से जुड़े लोगों का सम्मान किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिवनी में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिवनी में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक दिनेश राय मुनमुन मुख्य अतिथि तथा कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन तथा हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे हेमंत बर्मन

समारोह का विशेष आकर्षण सिवनी जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी हेमंत बर्मन रहे, जिन्होंने शूटिंग में एशियन गेम्स में रजत पदक तथा जूनियर वर्ल्ड कप 2026 में रजत पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

अतिथियों ने हेमंत बर्मन को शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान के बाद हेमंत ने अपने खेल जीवन के संघर्ष और उपलब्धियों की कहानी साझा की।

उन्होंने बताया कि ग्राम कोदाझिरी में शिक्षा के साथ खेल अभ्यास करते हुए महज 15 वर्ष की उम्र में खेल विभाग द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च में उनका चयन हुआ। इसके बाद भोपाल स्थित शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण का अवसर मिला। लगातार मेहनत, अनुशासन और अभ्यास के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़ते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिवनी में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिवनी में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

हेमंत ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल करना है।

‘आर्थिक अभाव में किसी खिलाड़ी का अवसर नहीं छूटना चाहिए’

विधायक दिनेश राय ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत सिर्फ उस प्रतिभा को पहचानने और सही दिशा में आगे बढ़ने की है।

उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि पोलवॉल्ट में उनका चयन हुआ था, लेकिन आर्थिक कारणों के चलते वे नेशनल यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सके। उन्होंने कहा कि वह अनुभव आज भी उन्हें याद है और इसी कारण उनकी इच्छा है कि आर्थिक अभाव के कारण सिवनी का कोई प्रतिभावान खिलाड़ी अवसर से वंचित न हो।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिवनी में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिवनी में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

विधायक ने हेमंत बर्मन को भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं में आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

अब जिले में होगी ‘सिवनी स्पोर्ट्स लीग’

विधायक दिनेश राय ने कहा कि पूर्व में विधानसभा स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाती थी। अब प्रयास किया जाएगा कि ‘सिवनी स्पोर्ट्स लीग’ के माध्यम से चार-पांच प्रमुख खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।

इस पहल से जिले के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच मिलने के साथ ही उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिलेगा।

हर साल इंडोर-आउटडोर खेलों की लीग का प्रस्ताव

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न खेलों के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है। हेमंत बर्मन का उदाहरण बताते हुए उन्होंने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर एक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, धैर्य और निरंतर प्रयास की भावना भी विकसित करते हैं।

कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि हर वर्ष सभी प्रमुख खेलों की संयुक्त ‘इंडोर एवं आउटडोर सिवनी स्पोर्ट्स लीग’ आयोजित की जाए। इसके लिए जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।

उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाने की बात भी कही।

अनुशासन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी’

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास की सीख देते हैं।

एसपी ने कहा कि अनुशासित जीवन सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है और युवाओं को खेलों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए।

खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों, खेल के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां अर्जित करने वाले खिलाड़ियों, खेलों के प्रति समर्पित वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों तथा फुटबॉल स्टेडियम में संचालित पांच फिजिकल अकादमियों के संचालकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हॉकी सिवनी के अध्यक्ष डी.एल. गौर ने जिले के हॉकी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए युवाओं को अपने-अपने खेल में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने अपने विद्यार्थी जीवन के शतरंज एवं बैडमिंटन से जुड़े अनुभव भी साझा किए। इस दौरान राष्ट्रीय किक-बॉक्सिंग खिलाड़ी अनुप्रिया कौरव को मंच पर आमंत्रित कर उनके खेल अनुभव भी सुने गए।

खेल प्रतिभाओं के लिए बढ़ रहे अवसर

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सिवनी में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। एक ओर जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, वहीं प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर उन्हें बेहतर मंच देने की योजना तैयार की जा रही है।

यदि ‘सिवनी स्पोर्ट्स लीग’ की प्रस्तावित योजना नियमित रूप से धरातल पर उतरती है तो इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का बड़ा अवसर मिल सकता है।

कार्यक्रम में अजय बाबा पाण्डे, अध्यक्ष जनभागीदारी समिति पीजी कॉलेज, डॉ. सविता मसीह, प्रभारी प्राचार्य, एम.के. नेमा, रघु ठाकुर सहित पीजी कॉलेज के प्राध्यापकगण, खेल विभाग के कर्मचारी, पालकगण, वरिष्ठ खिलाड़ी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन संदीप मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन नारायण सिंह बिसेन ने किया।

यह भी पढ़े :-

सिवनी के 1478 बूथों पर गूंजेगी ‘मन की बात’, भाजपा ने तय की कार्यक्रम की रणनीति

बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत, तीसरा पावर ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश

TET की अनिवार्यता के खिलाफ दिल्ली कूच, सिवनी के शिक्षकों को छिंदवाड़ा में रोका

सांदीपनि विद्यालय हर्रई में लगा जनविश्वास अभियान शिविर, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं

https://www.etvbharat.com/hi/!state/meerut-parul-chaudhary-participate-in-steeple-chase-event-of-paris-olympics-2024-uttar-pradesh-news-ups24072602099

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button