सिवनी यशो:- शौर्य और स्वाभिमान की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती की वीरगाथा और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बुधवार 22 जून को बैतूल सांसद एवं यात्रा प्रभारी श्री दुर्गादास उईके के नेतृत्व में छिंदवाड़ा से निकली रूट क्रमांक 2 की गौरव यात्रा रात्रि में सिवनी जिला पहुंची और ग्राम बींझावाड़ा बालक छात्रावास में रात्रि विश्राम किया। जिसके उपरान्त 23 जून को प्रात: बैतूल सांसद एवं यात्रा प्रभारी दुर्गादास उईके के नेतृत्व और केवलारी विधायक राकेश सिंह पाल, आलोक दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समन्वयक जन अभियान परिषद सिवनी सौरभ शुक्ला एवं समिति के सदस्य, जनजाति कार्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी की अगुवाई में यह गौरव यात्रा अपने निर्धारित रूट मार्ग अनुसार ग्राम बिठली, ग्राम इंदावाड़ी, भोमा, कटिया, कामता, कान्हीवाडा, छुई, मानेगांव, डूंडासिवनी, खैरा, चिरचिरा, कुडारी, सुकवाहा, रावठान, धनौरा खुर्द, पिपरिया भसूडा, साजपानी, धनौरा, पिपरिया नाई, खमरिया, कहानी, दारोट कला, मेहता, बालपुर, छीतापार, घंसौर, केवलारी, पहाड़ी, कुडोपार, मोहगांव, मानेगांव, पिपरिया, भिलाई, सालीवाडा व कटिया से होती हुई जिले में यात्रा के अंतिम ग्राम रजरवाड़ा पहुंची। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जनजातीय वर्ग के गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा यात्रा का डोल बाजों के साथ भव्य आत्मीय स्वागत करते हुए वीरांगना रानी दुर्गावती को नमन किया गया।
यात्रा के ग्रामवार पड़ाव के दौरान आयोजित हुए कार्यक्रमो में यात्रा प्रभारी एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके, विधायक केवलारी राकेश सिंह पाल द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई और वीरांगना रानी दुर्गावती की गौरव गाथाओं का वर्णन किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश शासन द्वारा सभी वर्ग एवं महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं से भी अवगत कराया।



