बीमा की रकम खाते में आते ही साइबर ठगों ने साफ किए करीब 3 लाख, UPI से निकाली राशि
एचडीएफसी बैंक खाते से 8.64 लाख में से 2,99,984 की ऑनलाइन ठगी, कुरई थाने में FIR दर्ज; साइबर पुलिस जांच में जुटी
Seoni Cyber Fraud: बीमा की रकम आते ही खाते से 3 लाख की ठगी, UPI से निकाली राशि
Seoni 08 August 2026
सिवनी / कुरई यशो:- साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक महिला के बैंक खाते से करीब 3 लाख रुपये निकाल लिए। खास बात यह है कि पीड़िता के दिवंगत पिता की बीमा राशि खाते में जमा होने के कुछ ही दिनों बाद अज्ञात ठगों ने UPI के माध्यम से 2,99,984 रुपये निकाल लिए।
मामला कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम जोड़ीवाड़ा का है। यहां रहने वाली हर्षा पाल (23) पति अर्जुन पाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
21 जुलाई को खाते में आई थी 8.64 लाख की बीमा राशि
पीड़िता के मुताबिक उन्होंने हाल ही में सिवनी के छिंदवाड़ा चौक स्थित एचडीएफसी बैंक में नया खाता खुलवाया था। सड़क दुर्घटना में उनके पिता की मृत्यु के बाद मिलने वाली बीमा राशि के रूप में ₹8,64,720 उनके बैंक खाते में 21 जुलाई 2026 को जमा हुई थी।
इसके बाद 29 जुलाई से 31 जुलाई के बीच उनके खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना अलग-अलग UPI लेन-देन के जरिए करीब ₹2,99,984 निकाल लिए गए।
खाते से पैसे निकलने का पता चला तो पहुंची थाने
जब पीड़िता को खाते से राशि निकाले जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने कुरई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
FIR दर्ज, साइबर एंगल से जांच शुरू
कुरई थाना प्रभारी कृपाल साह तेकाम के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और UPI ट्रांजेक्शन समेत साइबर ठगी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आरोपियों ने पीड़िता के बैंक खाते या UPI से जुड़ी जानकारी किस तरीके से हासिल की।
पुलिस की अपील—OTP और UPI PIN किसी से साझा न करें
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बैंक खाते, UPI PIN, OTP, ATM/डेबिट कार्ड और अन्य बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलते ही तत्काल संबंधित बैंक को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
यह भी पढ़े :-
साजपानी जंगल में लाखों के जुए पर पुलिस का छापा, सिवनी के चार समेत छह जुआरी गिरफ्तार
UPSC की तैयारी का सुनहरा अवसर, जनजातीय विद्यार्थियों को दिल्ली में मिलेगी फ्री कोचिंग



