हितग्राही योजनाओं में लापरवाही पर अफसर-कर्मचारियों पर बरसे निगम आयुक्त, जियो मिलर कंपनी को नोटिस के निर्देश
समय-सीमा बैठक में आयुक्त चंद्र प्रकाश राय ने दिए सख्त निर्देश, अमृत 2.0 के काम में ढिलाई पर होगी कार्रवाई
छिंदवाड़ा नगर निगम आयुक्त : हितग्राही योजनाओं में लापरवाही पर आयुक्त सख्त, जियो मिलर को नोटिस
Chhindwara 08 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा क्षेत्र में विकास कार्यों की प्रगति, हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर शनिवार को निगम सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय ने की।
आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अमृत 2.0 में ढिलाई पर कंपनी को नोटिस
बैठक में अमृत 2.0 योजना के तहत संचालित जलप्रदाय परियोजना की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने पानी की टंकियों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत का काम तेज गति से कराने के निर्देश दिए।
कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर आयुक्त ने जियो मिलर कंपनी को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए।
जर्जर भवनों पर चलेगा ध्वस्तीकरण अभियान
बारिश के मौसम को देखते हुए आयुक्त ने शहर में स्थित अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक भवनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण के प्रत्येक चरण की जियो-टैगिंग समय-सीमा में पूर्ण कराने को भी कहा।
गौशाला में लगेंगे CCTV कैमरे
नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने मवेशियों की देखरेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। व्यवस्था में पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए गौशाला परिसर में तत्काल CCTV कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
यह भी पढ़े :-



