टोल पूरा, सड़क अधूरी! NH-44 पर 90 किमी तक गड्ढों का जाल
एक साल पहले हुआ था डामरीकरण, मानसून में फिर उखड़ी सड़क; फिलहाल गट्टू-डामर से पेंचवर्क, बारिश थमने के बाद नई डामर लेयर का दावा
सिवनी-लखनादौन-खवासा हाईवे में 90 किमी गड्ढे, गट्टू-डामर से अस्थायी मरम्मत
Seoni, 13 September 2026
सिवनी यशो:- जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 का लखनादौन से खवासा के बीच करीब 90 किलोमीटर हिस्सा गड्ढों में तब्दील हो गया है। मानसून खत्म होने से पहले ही फोरलेन की सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त नजर आ रही है। खास बात यह है कि वर्ष 2025 में ही इस हिस्से में सड़क का रिन्यूवल और नया डामरीकरण कराया गया था, लेकिन करीब एक साल में ही कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है।
वर्तमान में फोरलेन में डिवाइडर के दोनों ओर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से वाहनों की गति प्रभावित हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया और बाइक सवारों को उठानी पड़ रही है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बारिश में गट्टू-डामर से अस्थायी मरम्मत
एनएचएआई की ओर से फिलहाल लखनादौन से खवासा के बीच क्षतिग्रस्त हिस्सों में पेंच वर्क कराया जा रहा है। बारिश के बीच एजेंसी गट्टू, गिट्टी और डामर डालकर गड्ढों को भरने में जुटी है, ताकि यातायात सुचारू रहे और हादसों को रोका जा सके। हालांकि, वाहन चालकों को इससे स्थायी राहत मिलती नहीं दिख रही है।
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार मानसून समाप्त होने और बारिश पूरी तरह रुकने के बाद जर्जर हिस्सों में नई डामर लेयर चढ़ाने के साथ स्थायी मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
2025 में हुआ था रिन्यूवल, पहली बारिश में उखड़ी थी सड़क
बताया जाता है कि वर्ष 2025 में सड़क के करीब 90 किलोमीटर हिस्से में नए सिरे से डामरीकरण कराया गया था। इसके बावजूद सड़क की स्थिति दोबारा खराब हो गई है। पिछले वर्ष भी सिवनी से बंडोल के बीच करीब 18 किलोमीटर सड़क पहली बारिश में ही उखड़ गई थी। इसके बाद एनएचएआई द्वारा संबंधित ठेकेदार कंपनी से मरम्मत कार्य कराया गया था।
लखनादौन से मोहगांव तक जगह-जगह गड्ढे
जबलपुर-नागपुर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर लखनादौन से सिवनी और सिवनी से मोहगांव तक कई हिस्सों में गड्ढे नजर आ रहे हैं। मड़ई टोल प्लाजा के आसपास सड़क की हालत खराब बताई जा रही है। वहीं सिवनी-बंडोल, छपारा-बंजारी घाटी, गनेशगंज और लखनादौन सहित कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है। सिवनी से सुकतरा तक भी सड़क की स्थिति को लेकर वाहन चालक परेशानी जता रहे हैं।
वाहन चालकों का कहना है कि हाईवे पर टोल टैक्स की नियमित वसूली की जाती है, लेकिन इसके बावजूद कई हिस्सों में उन्हें खराब सड़क पर सफर करना पड़ रहा है। मड़ई और खवासा टोल प्लाजा पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों से टोल वसूला जाता है।
रखरखाव में लगी एजेंसियों की अनदेखी
नगझर चौराहे से मोहगांव तक हाईवे के रखरखाव की जिम्मेदारी नागपुर-सिवनी एक्सप्रेस-वे कंपनी के पास बताई गई है, जिसका कैप ऑफिस नंदोरा से संचालित है। वहीं सिवनी से लखनादौन तक का हिस्सा महालक्ष्मी तथा मोहगांव से खवासा तक का हिस्सा एलएंडटी के पास बताया गया है।
बारिश के मौसम में सड़क के गड्ढों को भरने के लिए गट्टू, गिट्टी और डामर का इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जाता है कि फोरलेन पर भारी वाहनों के लगातार दबाव के साथ सिवनी और बंडोल क्षेत्र की खदानों से निकलने वाले खनिज से भरे ओवरलोड डंपरों के कारण भी सड़क की स्थिति प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार सड़क रखरखाव से जुड़ी एजेंसियों में मैदानी अमले की कमी भी समस्या बन रही है। जहां नियमानुसार 20 से 40 कर्मचारियों की आवश्यकता बताई जाती है, वहां आधे से भी कम कर्मचारियों के भरोसे रूट मैनेजमेंट, पेट्रोलिंग और रखरखाव का काम संचालित होने की बात सामने आ रही है।
इनका कहना है
“मानसून की विदाई और बारिश पूरी तरह रुकने के बाद हाईवे के जर्जर हिस्सों का स्थायी रूप से डामरीकरण एवं मरम्मत कार्य किया जाएगा। फिलहाल एजेंसियां अस्थायी रूप से गट्टू और डामर डालकर गड्ढों को भरने का काम कर रही हैं, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।”
अजय गाडेकर, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई छिंदवाड़ा
यह भी पढ़े :-
गणेश उत्सव पर जिले में भक्ति का रंग, सजने लगे पंडाल
हरितालिका तीज: जानें , पूजा मुहूर्त और व्रत की विधि
दादा धुनी वाले एक्सप्रेस को 3 दिन छिंदवाड़ा, 3 दिन पांढुर्ना से चलाने की मांग
किसानों के लिए बड़ी खबर: धान, ज्वार-बाजरा पंजीयन 15 सितंबर से, सिवनी में 66 केंद्र तैयार



