नमो युवा शक्ति में गूंजा आत्मनिर्भरता का संदेश, स्व-सहायता समूह की दीदियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
छपारा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन, लखपति दीदी संवाद के साथ खेल-कूद और सांस्कृतिक गतिविधियों ने बढ़ाया उत्साह
नमो युवा शक्ति कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की दीदियों ने लिया उत्साह से भाग
Seoni 17 September 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड छपारा में जिला स्तरीय ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर नेहा मीना के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें संवाद, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मंच उपलब्ध कराना रहा। देशभक्ति गीतों एवं बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण वातावरण बनाया।
लखपति दीदी संवाद में साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में लखपति दीदी संवाद आयोजित किया गया, जिसमें स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और अनुभवों को साझा किया गया। संवाद के माध्यम से महिलाओं ने समूह से जुड़ने के बाद आजीविका के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और अपने अनुभवों को सामने रखा।

वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों की जानकारी एवं जागरूकता को परखा गया।
रस्साकसी से लेकर शतरंज और लूडो तक हुई प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम में रस्साकसी, कुर्सी दौड़, कैरम बोर्ड, शतरंज, सांप-सीढ़ी एवं लूडो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्व-सहायता समूह की दीदियों ने इन गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लिया।
खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों में उत्साह, आपसी सहभागिता और टीम भावना का संचार हुआ। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और बालिकाओं की नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न विकासखंडों से आई स्व-सहायता समूह की दीदियों ने एक-दूसरे के अनुभव साझा किए और सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में सहभागिता कर कार्यक्रम को जीवंत बनाया।
बड़ी संख्या में दीदियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की दीदियां उपस्थित रहीं। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
यह भी पढ़े :-
सांदीपनि विद्यालय में सेवा-संकल्प की गूंज, दिनेश राय ने किया पौधारोपण और दीप प्रज्वलन
प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा की अध्यक्षता में दिघोरी में लगेगा जन विश्वास शिविर
बेहरई में नर बाघ की मौत से वन विभाग में हड़कंप, प्रारंभिक जांच में संघर्ष की आशंका
पिता से सीखा हुनर, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिला नया सहारा



