बेहरई में नर बाघ की मौत से वन विभाग में हड़कंप, प्रारंभिक जांच में संघर्ष की आशंका
कौड़िया बीट में मिला बाघ का शव, पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का वास्तविक कारण; NTCA प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई
बेहरई में नर बाघ की मौत, वन विभाग ने दर्ज किया वन अपराध प्रकरण
Seoni 17 September 2026
सिवनी यशो:- बरघाट परियोजना के बेहरई परिक्षेत्र अंतर्गत वनभूमि बीट कौड़िया के कक्ष क्रमांक 769 में एक नर बाघ मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में बाघ की मृत्यु किसी अन्य वन्यजीव के साथ आपसी संघर्ष में होने की आशंका व्यक्त की गई है।
हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना स्थल को सुरक्षित कर डॉग स्क्वाड से हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA), नई दिल्ली एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप तत्काल कार्रवाई की गई। घटना स्थल को पूरी तरह सुरक्षित करने के बाद डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सघन छानबीन की गई।
विशेषज्ञ वन्यजीव एवं पशु चिकित्सक डॉ. अखिलेश मिश्रा एवं डॉ. आकांक्षा देशमुख के दल द्वारा मृत नर बाघ का पोस्टमार्टम किया गया। परीक्षण के दौरान बाघ के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई अंतिम प्रक्रिया
निर्धारित प्रोटोकॉल एवं प्रक्रिया के अनुसार मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय महाप्रबंधक जबलपुर अनिल कुमार शुक्ला, नायब तहसीलदार बरघाट धरमराज तुर्कर, संभागीय प्रबंधक लामटा परियोजना मंडल सुन्दर निवेदन, उपसंभागीय प्रबंधक बरघाट शैलजा ठाकुर, NTCA प्रतिनिधि मंदार विक्रम पिंगले, ग्राम पंचायत गांगपुर के सरपंच राधेश्याम कुमरे तथा पटवारी लोकेश बाहेश्वर की उपस्थिति में शवदाह/भरगीकरण की कार्रवाई संपन्न की गई।
फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से दर्ज की गई कार्रवाई
संभागीय प्रबंधक रामकिशन सोलंकी (भा.वन.से.) ने बताया कि संपूर्ण शासकीय कार्रवाई को पारदर्शी तरीके से दर्ज करने के लिए फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई है। वन विभाग द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़े :-
छिंदवाड़ा सहकारिता विभाग में उपायुक्त का पद खाली, प्रभारी ऑडिटर के पास पंजीयक का चार्ज
कोटकसा में शराब के खिलाफ ग्रामीणों की हुंकार, महिलाओं ने संभाली कमान
आज से MP में मकान-प्लॉट की फ्री रजिस्ट्री शुरू, 50 लाख ग्रामीणों को मिलेगा मालिकाना हक
सिवनी में ‘आशीर्वाद का दीया’ से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, नगरीय निकाय भी होंगे सहभागी



