किसानों के पंजीयन को लेकर किसान मोर्चा सक्रिय, प्रदीप राय ने समय पर पंजीयन कराने की अपील
सिवनी में धान, ज्वार-बाजरा के लिए 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पंजीयन; 66 केंद्रों पर नि:शुल्क सुविधा, कार्यकर्ताओं से किसानों की मदद का आह्वान
सिवनी में धान, ज्वार-बाजरा पंजीयन शुरू, समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 10 अक्टूबर तक मौका
Seoni 18. September 2026
सिवनी यशो:- खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया को लेकर भाजपा किसान मोर्चा सिवनी सक्रिय हो गया है। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रदीप राय ने जिले के किसानों से धान, ज्वार एवं बाजरा के लिए निर्धारित समय सीमा में पंजीयन कराने की अपील की है। उन्होंने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी किसानों को पंजीयन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आह्वान किया है।
सिवनी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 सितंबर से किसान पंजीयन शुरू होकर 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। किसानों की सुविधा के लिए जिले में 66 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं, जहां नि:शुल्क पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं से गांव-गांव सहयोग का आह्वान
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप राय ने कहा कि पंजीयन की प्रक्रिया में किसी किसान को परेशानी न हो, इसके लिए मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और उन्हें समय रहते पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के इच्छुक किसानों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीयन कराना आवश्यक है। ई-गिरदावरी में दर्ज फसल के आधार पर ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन किया जाएगा।
ई-गिरदावरी और जरूरी दस्तावेजों का रखें ध्यान
पंजीयन के लिए किसानों को आधार लिंक बैंक खाता, समग्र आईडी और भूमि संबंधी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। पंजीयन बॉयोमेट्रिक सत्यापन अथवा आधार लिंक मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से किया जा सकेगा।
सिकमी, बटाईदार एवं वन पट्टाधारी किसानों के लिए सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित पंजीयन केंद्रों पर व्यवस्था रहेगी। भूमि अभिलेख एवं आधार संबंधी विवरण में अंतर होने पर संबंधित राजस्व अधिकारियों के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
10 अक्टूबर तक पंजीयन, 21 सितंबर से सत्यापन
किसानों के पंजीयन का सत्यापन 21 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक संबंधित राजस्व अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। ग्राम पंचायत, जनपद एवं तहसील स्तर के सुविधा केंद्रों के अलावा एमपी ऑनलाइन, सीएससी, लोकसेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी पंजीयन कराया जा सकता है।
प्रदीप राय ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेज तैयार कर अपने निकटतम पंजीयन केंद्र पर समय रहते पंजीयन कराएं। वहीं किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं से किसानों तक पंजीयन की जानकारी पहुंचाने और उन्हें प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
यह भी पढ़े :-
कन्या आश्रम पहुंचीं छात्राओं के बीच प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, पढ़ाई और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
7,400 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी, मेधावी छात्रों को CM मोहन यादव की बड़ी सौगात
नमो युवा शक्ति में गूंजा आत्मनिर्भरता का संदेश, स्व-सहायता समूह की दीदियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा



