गांधी के विचारों के साथ 33वीं बार निकली ग्राम स्वराज पदयात्रा, कलबोडी से गोपालगंज तक गूंजा ‘रघुपति राघव राजा राम’
नरेश मरावी बोले- गांधी ने जनता को साथ लेकर अंग्रेजों को देश से खदेड़ा; विवेक अवस्थी ने कहा- प्रशासन तंत्र के दमन का पुरजोर विरोध करना गांधी ने सिखाया
गांधी जयंती पर 33वीं बार निकली ग्राम स्वराज पदयात्रा, कलबोडी से गोपालगंज तक चला कारवां
Seoni 03 October 2026
सिवनी यशो:- गांधी जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी के उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सिवनी के पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल के नेतृत्व में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली ग्राम स्वराज पदयात्रा इस वर्ष भी निकाली गई। ज्वाला देवी प्रांगण, कलबोडी से प्रारंभ हुई पदयात्रा गोपालगंज पहुंचकर संपन्न हुई। पदयात्रा के दौरान रास्ते भर पदयात्रियों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया।

मोहन सिंह चंदेल ने बताया कि यह पदयात्रा 2 अक्टूबर 1994 से लगातार आयोजित की जा रही है। इस लिहाज से गांधी जयंती पर निकली यह पदयात्रा इसकी 33वीं वर्षगांठ के रूप में आयोजित हुई।
‘गांधी ने आम जनता को साथ लेकर अंग्रेजों को देश से खदेड़ा’
पदयात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी के अध्यक्ष नरेश मरावी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सविनय अवज्ञा आंदोलन, असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन के माध्यम से आम जनता को साथ लेकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि मोहन सिंह चंदेल गांधी जी के विचारों से प्रेरित होकर पिछले कई वर्षों से पदयात्रा कर रहे हैं और उनका यह प्रयास सराहनीय है।
‘स्वराज की ताकत पहचानें, दमनात्मक कार्रवाई का विरोध करें’
राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के राष्ट्रीय महासचिव विवेक अवस्थी ने कहा कि मोहन सिंह चंदेल का संकल्प बड़ा है और वे विगत 33 वर्षों से गांधी विचारों को लेकर पदयात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी ने देश को स्वराज का रास्ता दिखाया, इसलिए लोगों को अपनी ताकत पहचाननी चाहिए।
अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि यदि प्रशासन तंत्र की ओर से कोई दमनात्मक कार्रवाई की जाती है तो उसका पुरजोर तरीके से विरोध किया जाना चाहिए।

1994 में शुरू की थी पदयात्रा
पदयात्रा के सूत्रधार मोहन सिंह चंदेल ने पदयात्रा प्रारंभ करते हुए कहा कि जब वे पहली बार वर्ष 1994 में जनपद पंचायत कुरई के अध्यक्ष बने थे, तभी उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का अध्ययन करने के बाद पदयात्रा प्रारंभ की थी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा आज भी निरंतर जारी है।
चंदेल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को मिली वोट की ताकत बेहद महत्वपूर्ण है। यदि जनता को वोट की ताकत नहीं मिली होती तो सत्ता निरंकुश हो सकती थी। उन्होंने पदयात्रा में शामिल होकर सहयोग और संबल प्रदान करने वाले सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
देवेंद्र पटेल ने कहा- पदयात्रा में शामिल होने का अवसर मिला
विधानसभा सिवनी के प्रभारी देवेंद्र पटेल उर्फ गुड्डू भैया ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि मोहन सिंह चंदेल ने उन्हें अपनी पदयात्रा में शामिल होने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजा बघेल, बरघाट क्षेत्र के पूर्व विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया, जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद असलम खान, जिला पंचायत सदस्य घनश्याम पटेल, तेजसिंह रघुवंशी, पिछड़ा वर्ग विभाग के पूर्व अध्यक्ष विनोद यादव, किसान नेता हुकुमचंद सनोदिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा मोहन चंदेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोपालगंज के अध्यक्ष कमलेश सनोदिया तथा ग्राम पंचायत डूंगरिया के पूर्व सरपंच दयालू सिंह मरकाम सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
चुनाव आयोग के मुद्दे पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह मांग कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसजनों की ओर से रखी गई।
इसके अलावा आंधी-तूफान से किसानों की नष्ट हुई फसल की क्षतिपूर्ति तथा लालमाटी क्षेत्र में माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भी अलग ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम का संचालन बारी-बारी से राजकुमार डहरवाल, धनंजय सिंह एवं ईशा खान ने किया। आभार प्रदर्शन श्याम सिंह माली उर्फ गुल्लू बाबा ने किया।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और नागरिक रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला कांग्रेस के महामंत्री सुरेंद्र करोसिया, यशपाल भलावी, शिव सनोदिया, विष्णु करोसिया, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मुबारक खान, पप्पू महाराज, होरीलाल पगारे, नंदू यादव, शंकर लाल डहरिया, शिवदीप डहरिया, कमलेश कुमार नागवंशी, रामनाथ काकुड़िया, खिरखिरी कुर्मी क्षत्रिय समाज के जिला अध्यक्ष रमेश प्रसाद सनोदिया, पूर्व अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सनोदिया, जीवन सिंह सनोदिया, ददुआ पटेल, राम सिंह सनोदिया, दिनेश सनोदिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
Caption: कलबोडी से गोपालगंज तक निकली ग्राम स्वराज पदयात्रा में शामिल कांग्रेसजन
यह भी पढ़े :-
महंगे शौक पूरे करने रेंट पर कार ली, नंबर प्लेट बदली और छिंदवाड़ा में कर दी चेन स्नैचिंग
सांसद ने थामी झाड़ू, सड़कों की सफाई के लिए निकले; जिलाध्यक्ष ने किया पौधारोपण
21 साल बाद फिर पटरी पर सार्वजनिक बस सेवा, 2030 तक पूरे प्रदेश को जोड़ने का लक्ष्य
नगर परिषद के टैक्स वसूली के खिलाफ उबाल, बगलई में हजारों ग्रामीणों का प्रदर्शन



