सिवनीमध्यप्रदेश

अब पेड़ बचाकर बनेगा सामुदायिक भवन

विशेष ग्राम सभा में पर्यावरण संरक्षण पर बनी सहमति, पेड़ के नीचे चबूतरा और शाखाओं की छंटाई का प्रस्ताव पारित; पेयजल, आवास और मतदाता सूची सहित जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा

छींदा में पेड़ कटाई विवाद का समाधान, पेड़ बचाकर बनेगा सामुदायिक भवन

केवलारी/छींदा यशो :- केवलारी विकासखंड की ग्राम पंचायत छींदा में मंगल भवन निर्माण को लेकर पुराने पंचायत भवन के सामने लगे हरे-भरे अशोक एवं यूकेलिप्टस के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद पंचायत ने विशेष ग्राम सभा आयोजित कर विवाद का समाधान निकालने की पहल की है। 5 अक्टूबर 2026 को आयोजित विशेष ग्राम सभा में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पेड़ों को सुरक्षित रखने और प्रस्तावित स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण का निर्णय लिया गया।

गौरतलब है कि पुराने पंचायत भवन के सामने वर्षों पहले लगाए गए अशोक, यूकेलिप्टस सहित अन्य पेड़ परिसर की हरियाली और सुंदरता बढ़ा रहे हैं। मंगल भवन निर्माण को लेकर इन पेड़ों की कटाई की बात सामने आने के बाद जागरूक ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने आपत्ति जताई थी। ग्रामीणों का कहना था कि विकास कार्य भी हो और वर्षों पुराने हरे पेड़ भी सुरक्षित रहें, इसके लिए निर्माण की योजना में आवश्यक बदलाव किया जाना चाहिए।

ग्राम सभा में हुई सार्थक चर्चा, पेड़ बचाने पर बनी सहमति

विशेष ग्राम सभा में पेड़ों की कटाई के मुद्दे पर सत्ता पक्ष भाजपा एवं विपक्ष कांग्रेस से जुड़े ग्रामीणों सहित उपस्थित नागरिकों ने अपनी बात रखी। चर्चा के दौरान पेड़ों को जड़ से काटने के बजाय पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पेड़ के नीचे चबूतरा बनाने तथा आवश्यक शाखाओं की छंटाई करने पर आम सहमति बनी।

ग्राम सभा में यह भी तय किया गया कि पुराने ग्राम पंचायत भवन एवं आयुर्वेदिक औषधालय के बाजू में प्रस्तावित स्थल पर सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे हरे पेड़ों को बचाते हुए विकास कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।

इस निर्णय को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंगल भवन का निर्माण जरूरी है, लेकिन इसके लिए वर्षों से खड़े हरे पेड़ों को समाप्त करना उचित नहीं होगा।

पेशाब घर की सफाई से लेकर पेयजल तक उठे जनहित के मुद्दे

ग्राम सभा में केवल पेड़ कटाई का मामला ही नहीं, बल्कि गांव से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस सेक्टर अध्यक्ष श्याम बाबू एवं आनंद झारिया ने छींदा बाजार चौक स्थित सार्वजनिक पेशाब घर की साफ-सफाई एवं व्यवस्था का मुद्दा उठाया।

इसके अलावा गर्मी के मौसम में गांव में पेयजल की स्थायी एवं ठोस व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने तथा मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। ग्राम सभा में इन विषयों से संबंधित जनहित के प्रस्ताव पारित किए गए।

मीडिया के प्रति ग्रामीणों ने जताया आभार

पेड़ों की सुरक्षा को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले जागरूक ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करने के लिए केवलारी एवं सिवनी जिला मुख्यालय के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि मीडिया में मामला सामने आने के बाद पेड़ों की सुरक्षा को लेकर व्यापक चर्चा हुई और अब ग्राम सभा में ऐसा समाधान सामने आया है, जिसमें विकास कार्य और पर्यावरण संरक्षण दोनों को साथ लेकर चलने की दिशा तय हुई है।

इनकी रही उपस्थिति

विशेष ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत के उपसरपंच राजकुमार यादव ने की। इस अवसर पर सरपंच पति रामकुमार उइके, पूर्व सरपंच ललित राय, पूर्व सरपंच धनेष झारिया, प्रदीप राय, बसोरी लाल शिवेदी, केशर मिश्रा, श्याम बाबू, आनंद झारिया, सूरज इनवाती, रवि ग्वाले, इंद्रकुमार झारिया सहित पंचायत के सचिव मनोहर ठाकुर, सहायक सचिव गुमत मर्सकोले, पटवारी ठाकुर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ग्राम सभा की पूरी कार्रवाई का संचालन पंचायत सचिव मनोहर ठाकुर ने किया।

ग्रामीणों का संदेश—मंगल भवन भी बने, पेड़ भी बचें

छींदा के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में विकास कार्यों की जरूरत है, लेकिन विकास का अर्थ हरियाली को खत्म करना नहीं होना चाहिए। मंगल भवन बने और वर्षों पुराने पेड़ भी सुरक्षित रहें, यही संतुलित एवं पर्यावरण हितैषी विकास का बेहतर उदाहरण होगा।

ग्राम सभा में बनी सहमति से अब उम्मीद जगी है कि सामुदायिक भवन निर्माण के साथ गांव की पुरानी हरियाली भी संरक्षित रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को भी यह प्राकृतिक विरासत देखने को मिलेगी।

यह भी पढ़े :-

वीरांगना रानी दुर्गावती को कांग्रेसजनों ने किया शत्-शत् नमन

दिनेश राय मुनमुन के नेतृत्व में 8 अक्टूबर को सिवनी में सेवा का महाआयोजन, स्वास्थ्य शिविर के साथ मातृशक्ति को स्वरोजगार की सौगात

गांधी के विचारों के साथ 33वीं बार निकली ग्राम स्वराज पदयात्रा, कलबोडी से गोपालगंज तक गूंजा ‘रघुपति राघव राजा राम’

सेवा संकल्प अभियान में बरघाट के हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, आवेदनों का मौके पर निराकरण

https://www.facebook.com/share/p/19j2RMPf7P/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!