दुर्गा उत्सव और दशहरा को लेकर बंडोल में शांति समिति की बैठक
त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील, पुलिस-प्रशासन ने मांगा नागरिकों का सहयोग
बंडोल में दुर्गा उत्सव और दशहरा को लेकर शांति समिति की बैठक
बंडोल/सिवनी यशो :- आगामी दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बंडोल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग से आर.आई. वीरेन्द्र गुमास्ता, विद्युत विभाग से जेई आशीष कुरचे तथा बंडोल थाना प्रभारी मनोज कुमार जंघेला सहित क्षेत्र के वरिष्ठजन, पत्रकार, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आगामी त्योहारों को लेकर क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था तथा नागरिकों के सहयोग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आपसी समन्वय एवं सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।
थाना प्रभारी मनोज कुमार जंघेला ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्रीय नागरिकों से परिचय एवं संवाद करते हुए त्योहारों के दौरान आने वाली संभावित व्यवस्थाओं और आवश्यक सहयोग पर भी चर्चा की। उपस्थित नागरिकों ने भी क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक का उद्देश्य आगामी पर्वों के दौरान क्षेत्र में शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी त्योहारों को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा।



