सिवनी में 24 की जगह 32 वार्ड की मांग, भाजपा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सिवनी यशो:- नगरीय निकायों के आगामी आम निर्वाचन वर्ष 2027 को देखते हुए सिवनी नगर पालिका परिषद में वर्तमान 24 वार्डों के स्थान पर 32 वार्ड किए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती नेहा मीना को ज्ञापन सौंपकर नगर की आवश्यक सीमावृद्धि तथा वार्डों के पुनर्परिसीमन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग की।
भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में सिवनी नगर का तेजी से विस्तार हुआ है। वर्तमान नगर सीमा के आसपास बड़ी संख्या में नई कॉलोनियां एवं आवासीय बस्तियां विकसित हो चुकी हैं। इसके चलते बढ़ती जनसंख्या और विस्तारित नगरीय क्षेत्र के अनुपात में वर्तमान 24 वार्डों की व्यवस्था को संतुलित करने की आवश्यकता महसूस हो रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर के विस्तारित क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वार्डों का संतुलित पुनर्गठन जरूरी है। इसी को देखते हुए सिवनी नगर पालिका में 24 के स्थान पर 32 वार्ड गठित करने के साथ आवश्यक सीमावृद्धि और पुनर्परिसीमन की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई।
भाजपा पदाधिकारियों ने ज्ञापन में मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के 28 सितंबर 2026 के निर्देश तथा जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA), सिवनी के 29 सितंबर 2026 के पत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में कलेक्टर से मांग की गई कि सिवनी नगर के वर्तमान विस्तार, बढ़ती आबादी और भविष्य की नागरिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि सीमावृद्धि, 32 वार्डों के गठन और पुनर्परिसीमन की प्रक्रिया समय पर पूरी कर प्रस्ताव सक्षम स्तर पर भेजा जा सके।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष
अभिषेक दुबे, भाजपा सिवनी उत्तर मंडल नगर अध्यक्ष
युवराज राहंगडाले, नगर महामंत्री एवं पार्षद
राजेश ‘राजू’ यादव तथा नगर महामंत्री एवं पार्षद
रोहित ‘पप्पी’ मेहरोलिया सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि सिवनी नगर के सुनियोजित, संतुलित एवं समग्र विकास के लिए बढ़ती आबादी और नगर के विस्तार के अनुरूप वार्डों की संख्या बढ़ाना तथा आवश्यक पुनर्परिसीमन करना समय की आवश्यकता है।
[caption id="attachment_53208" align="alignnone" width="150"]

सिवनी में 24 की जगह 32 वार्ड की मांग, भाजपा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन[/caption]
यह भी पढ़ें:-
रावण के अत्याचार से त्रस्त हुई धरा, श्रीराम के जन्म के साथ शुरू हुई रामलीला
अल्प प्रवास पर छिंदवाड़ा पहुंचे मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल
सिवनी स्पोर्ट्स लीग 2026: कबड्डी से एथलेटिक्स तक होंगी खेल प्रतियोगिताएं, प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
सरपंच संघ आक्रोशित; कलेक्टर से कार्रवाई की मांग, सरपंच से कथित अभद्रता पर बरघाट में बवाल
22 बच्चों की मौत वाले कफ सिरप कांड के बाद भी नहीं थमी लापरवाही? नेर के स्वास्थ्य शिविर में एक्सपायरी दवा बांटने का आरोप
https://hindi.eci.gov.in/delimitation-website/delimitation/