अपनों से बिछड़कर थाने पहुंचा मासूम, पुलिस ने जन्मदिन मनाकर लौटा दी खुशियां
चार साल के शिवांश के लिए बरघाट थाना बना खुशियों का घर, पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया जन्मदिन
बरघाट पुलिस ने 4 साल के मासूम शिवांश का थाने में मनाया जन्मदिन
सिवनी यशो:- बाजार की भीड़ में अपनों से बिछड़कर थाने पहुंचे चार साल के मासूम शिवांश परते के लिए बरघाट पुलिस ने सिर्फ उसके परिवार को ही नहीं खोजा, बल्कि उसकी खोई हुई मुस्कान भी तलाश ली।
10 अक्टूबर को साप्ताहिक बाजार में परिजनों से बिछड़ा शिवांश जब पुलिस को अकेला मिला तो पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित थाने लेकर पहुंचे। मासूम से प्यार से बातचीत कर उसके परिवार की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को पता चला कि आज ही शिवांश का जन्मदिन है।
बस फिर क्या था… बरघाट पुलिस ने इस मासूम के जन्मदिन को यादगार बनाने का फैसला किया। थाने में केक मंगाया गया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे के साथ मिलकर केक काटा, उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कुछ देर के लिए थाने का माहौल पुलिसिंग से अलग एक परिवार की खुशियों में बदल गया।
जिस मासूम की आंखों में कुछ देर पहले अपनों से बिछड़ने की घबराहट थी, उसी चेहरे पर केक काटते समय खुशी की चमक दिखाई दे रही थी। पुलिसकर्मियों का स्नेह पाकर शिवांश खिल उठा।
इसके बाद पुलिस ने उसके पिता विनोद परते से संपर्क किया। पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद शिवांश को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
बरघाट पुलिस की यह पहल महज एक बच्चे को उसके परिवार से मिलाने तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने उस दिन एक मासूम के जन्मदिन की खुशी को भी अपना समझकर उसे यादगार बना दिया। वर्दी के इस मानवीय रूप ने परिवार के साथ मौजूद लोगों के दिल भी जीत लिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहनिश बैस एवं आरक्षक पराग राहंगडाले की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।



