मंडला यशो:-रजा स्मृति में साहित्य और कला का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। एक तरफ लोग पेंटिंग कर अपनी कल्पना को साकार रूप दे रहे है वहीं दूसरी तरफ साहित्य की महफिल में चितन चल रहा है। दिन में कला और साहित्य की महफिल सज रही है तो शाम की सांस्कृतिक संध्या में भारतीय शास्त्रीय नृत्य देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को भी रजा स्मृति में बड़ी संख्या में लोग चित्रकारी करने पहुंचे। साहित्यकारों व कवियों ने भी पेंटिंग पर अपने हाथ आजमाएं। खासकर छातों पर पेंटिंग करने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। इसमें महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। बच्चे में इसमें पीछे नहीं है वो पेंटिंग के साथ – साथ मिटटी की चीजे बनाने में भी खासा उत्साह दिखा रहे है। इसके पूर्व गुरुवार की शाम रानू चंद्रौल द्वारा अपने एकल और समूह कथक नृत्य के दर्शकों को भावविभोर कर दिया। 22 जुलाई, शनिवार की शाम 6:00 बजे झंकार भवन में अनवेषा महंत द्वारा सत्रिय नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
पद्म विभूषण से सम्मानित विश्व विख्यात चित्रकार सैय्यद हैदर रजा की बाल भूमि व आराम स्थली मंडला में रजा न्यास द्वारा ”हिंदी कविता का रजा समारोह” समावय के पहले दिन का आरंभ करते हुए रजा न्यास के प्रबंध न्यासी और हिंदी के वरिष्ठ कवि अशोक वाजपेयी ने कहा कि सैय्यद हैदर रजा को हिंदी उर्दू कविता में विशेष रुचि थी।वे भारत के ही नहीं बल्कि दुनिया के ऐसे पहले चित्रकार थे जिन्होंने कविता की पंक्तियों पर 100 से अधिक पेंटिंग बनाई थी। रजा ने तुलसी, कबीर से लेकर आधुनिक हिंदी कवियों, उर्दू शायरों गालिब, मीर और फैज जैसे अनेक कवियों की 100 से अधिक पंक्तियों पर पेंटिंग बनाई थी। रजा साहब भारतीय कलाओं के साथ – साथ साहित्य और अन्य कला माध्यमों में भी गंभीर रुचि लेते थे। अशोक वाजपेयी ने बताया कि सैय्यद हैदर रजा कविता के इतने प्रेमी थे कि मैं जब भी पेरिस जाता था और उनसे मिलता था, तब उनको हिंदी कविता की पुस्तकें भेंट करता था। एक बार भोपाल में कविता का आयोजन हुआ तो रजा अपनी डायरी में कविता की पंक्तियां नोट करते रहे।
हिंदी कवियों के रजा समारोह ”समवाय” के बारे में बताते हुए अशोक वाजपेयी ने कहा कि मंडला चित्रकार सय्यद हैदर रजा की बाल भूमि रही है। सात साल पहले वे यहीं सुपुर्दे खाक हुए थे।इसलिए उनकी स्मृति में इस आयोजन का विशेष महत्व है।उनके जन्मशती वर्ष में हिंदी के पाँच पीढिय़ों के कवियों के कविता पाठ के इस समवाय का आरंभ कुछ पुस्तकों के लोकार्पण से हुआ। इस क्रम में रजा पुस्तकमाला के तहत प्रकाशित पहचान शृंखला की पुस्तकों का पुनर्प्रकाशन के लोकार्पण से हुआ। पहचान शृंखला में विनोद कुमार शुक्ल, सोमदत्त, ज्ञानेंद्रपति, शमशेर बहादुर सिंह, कमलेश श्रीराम वर्मा, विष्णु खरे आदि की किताबें है। इसमें अंतिम कवि विष्णु नागर थे, जो उस समय 24 वर्ष के थे। इस पुस्तक का लोकार्पण विष्णु नागर ने किया।
यह वर्ष रजा साहब के जन्मशती के साथ साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत के मूर्धन्य कुमार गंधर्व के भी जन्मशती का वर्ष है। इस अवसर पर संगीत और कला माध्यम की पत्रिका स्वर मुद्रा के कुमार गंधर्व विशेषांक का लोकार्पण हुआ। यह पत्रिका लगभग बारह सौ पन्ने का बृहद अंक है। इस पत्रिका का लोकार्पण हिंदी के कवि प्रयाग शुक्ल और ऋतुराज जी ने किया। इस अंक का संपादन कवि पीयूष दईया ने किया है।
इस अवसर पर रजा न्यास के उपक्रम प्रकाश वृत्ति के तहत प्रकाशित युवा कवि प्रिया वर्मा के कविता संकलन स्वप्न के बाहर पाँव का लोकार्पण कवि प्रिया वर्मा और हिंदी के कवि असंगघोष द्वारा किया गया। ध्यातव्य है कि प्रकाश वृत्ति द्वारा युवा लेखकों के पहले पुस्तक का प्रकाशन किया जाता है और प्रिया वर्मा का संग्रह इस शृंखला में बारहवां है।
इस अवसर पर उदयन वाजपेयी द्वारा संपादित ‘ समास ‘पत्रिका के 24 वें अंक का लोकार्पण भी किया गया। इसके बाद समवाय के कविता पाठ का सत्र आरंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन पांच सत्रों में पार्वती तिर्की, अनुज लुगुन, वाजदा खान, असंगघोष, ध्रुव शुक्ल, पूनम अरोड़ा, नीलेश रघुवंशी, अनुपम सिंह, कृष्ण मोहन झा, सतीश जायसवाल, वियोगिनी ठाकुर, नूर आलम नूर, पंकज चतुर्वेदी, कुमार मंगलम, प्रयाग शुक्ल, अणुशक्ति सिंह, पीयूष दईया, वीरू सोनकर, सोनी पांडेय, पन्ना त्रिवेदी, काफिर, बाबुषा कोहली, गीत चतुर्वेदी और अष्टभुजा शुक्ल ने कविता पाठ किया।