अंतिम संस्कार बरघाट मोक्षधाम में प्रात: 10:30 बजे आज
सिवनी यशो:-भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व नपा अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित नागरिक, समाजसेवी व सराफा व्यवसायी श्री प्रमोद कुमार जैन ‘कंवर साहब’ अब हमारे बीच नहीं रहे। 80 वर्षी श्री जैन पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे एवं अपने पुत्र के बरघाट स्थित निवास पर रह रहे थे जहां उन्होंने आज अपनी अंतिम सांसें ली। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार 24 अगस्त को प्रात: 10:30 बजे बरघाट स्थित मोक्षधाम में होगा। उनके निधन के समाचार पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में गहन शोक व्याप्त हो गया है जिला भाजपा द्वारा उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि दी गई है।
भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि, स्वर्गीय श्री प्रमोद कुमार जैन जिले भर में कंवर साहब के नाम से जाने जाते थे। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे द्वारा श्री जैन के निधन को भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति निरूपित करते हुए कहा गया कि, हमने अपना एक मार्गदर्शक खो दिया है वे मिलनसार स्वभाव के धनी थे उनकी कमी हमें सदैव खेलेगी।
स्व.श्री जैन पूर्व में तीन बार भाजपा जिला अध्यक्ष का दायित्व संभालने के साथ ही भाजपा की ओर से सिवनी विधानसभा के प्रत्याशी भी रहे हैं। साथ ही उन्होंने पूर्व में नपा अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाला है। श्री जैन सामाजिक गतिविधियों से निरंतर जुड़े रहे वे सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष होने के साथ ही श्रीजैन श्वेतांबर श्रीसंघ के वरिष्ठ सदस्य रहे हैं।
श्री जैन के निधन पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे, सांसद डॉक्टर ढालसिंह बिसेन, विधायक दिनेश राय मुनमुन, विधायक राकेश पाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष व सासंद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, कमल मर्सकोले, पूर्व जिला अध्यक्ष वेदसिंह ठाकुर, सुदर्शन बाझल, सुजीत जैन, प्रेम तिवारी, पूर्व नपा अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर, अजय डागोरिया, जयदीप सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।