सिवनी यशो:- जिस देश मे नेतृत्व, नीति और नीयत सहीं हो वह देश निरंतर उन्नति की ओर बढता है । भाजपा की विचारधारा इसी मूलमंत्र पर आधारित है और इसी के अनूरूप भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। विकास, सुशासन, जनकल्याण के साथ ही देश को परमवैभव के शिखर पर ले जाना ही हमारा लक्ष्य है। जहां एक ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने 19 वर्षों के शासन में बीमारू मध्य प्रदेश को विकासशील प्रदेश के रूप में परिवर्तित करने में सफलता पाई है वहीं प्रधानमंत्री के रूप में श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत विश्व महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है।
उक्ताशय की बात भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल द्वारा कही गई। श्री अग्रवाल ने कहा कि, प्रदेश आज चहुंमुखी विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले पांच साल मध्यप्रदेश के लिए बहुत अहम हैं। प्रदेश में विकास की रफ्तार को बनाए रखने के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार का होना जरूरी है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि, भाजपा ने समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया है। भाजपा सरकार ने छोटे किसानों की चिंता की है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रत्येक किसान के खाते में अब तक 28 हजार रुपये दिये जा चुके हैं। देश में 2.5 करोड़ किसान मोटा अनाज उगाते हैं। केन्द्र सरकार ने किसानों को नई पहचान दी और इनके उगाए गए श्रीअन्न को सरकार सारी दुनिया में ले जा रही है। हमारे बीच में धोबी, कुम्हार, सुतार, लुहार, बाल काटने वाले और न जाने ऐसे कितने लोग काम करते हैं, जिनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। विकास की दौड़ में ये विश्वकर्मा कहीं पिछड़ गए थे। केंद्र सरकार ने इन्हें आगे लाने का अभियान शुरू किया और पीएम विश्वकर्मा योजना लांच की। सरकार इन्हें प्रशिक्षण भी देगी और अपना धंधा शुरू करने के लिए ऋण भी उपलब्ध कराएगी,जिसकी गारंटी भी केंद्र सरकार देगी ।
सिवनी को मिली मेडीकल की सौगात
श्री अग्रवाल ने कहा कि, आज सिवनी जिले में भी मेडिकल कालेज की सौगात मिली है। केंद्र और राज्य में जब समान सोच वाली विकास को समर्पित सरकारें होती हैं, तो काम होते हैं। भाजपा सरकार ने सरकार बीमारू मध्यप्रदेश को टॉप-10 राज्यों में लेकर आई है।और अगला लक्ष्य मध्यप्रदेश को टॉप-3 राज्यों में लाना है। लेकिन झूठ की नींव पर वादों की इमारत का झांसा देने मे महारथी विकास विरोधी विपक्षी, जिनके पास विकास की कोई सोच और रोडमैप नहीं है, वे प्रदेश का विकास नहीं कर सकते। ऐसे समय में जब भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश को आगे बढ़ा रही है, ये उसे पीछे ले जाने की सोच रखते हैं। इसलिए इन पर भरोसा करना स्वयं को धोखा देने है।
विरोधियों ने की नफरत की राजनीति
श्री अग्रवाल ने कहा कि, विकास विरोधियों का एक ही काम है, उन्हें देश की प्रगति से नफरत है। भारत की योजनाओं से नफरत है। ये देश की उपलब्धियों को भूल जाते हैं। आज सारी दुनिया भारत का गौरवगान कर रही है, दुनिया में देश का डंका बज रहा है, जिन्हें कुर्सी के सिवा कुछ नहीं दिखता, उन्हें ये अच्छा नहीं लगता। पिछले 9 सालों में मोदी सरकार ने भारत को 10 वीं से दुनिया की 5 वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया, लेकिन ये इसे गलत साबित करने की कोशिश में लगे हैं। जबकि मोदी जी के नेतृत्व में आने वाले सालों में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। लेकिन इससे भी विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है।
कांग्रेस ने समाज को बांटने का काम किया
श्री अग्रवाल ने कहा कि, इन विकास विरोधियों को देश ने 60 साल दिये। इन 60 सालों में कितना विकास हो सकता था? इनके पास भी मौका था, लेकिन इन्होंने नहीं किया। ये उस समय भी गरीबों की भावनाओं से खेलते रहे, जात-पांत के नाम पर समाज को बांटते रहे और आज भी यही कर रहे हैं। ये उस समय भी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे रहते थे, आज भी यही कर रहे हैं। ये उस दौरान भी एक ही परिवार के गौरवगान में लगे रहे और आज भी वही कर रहे हैं। इसीलिए इन्हें देश का गौरवगान पसंद नहीं आता।
श्री अग्रवाल ने कहा कि, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर दिये हैं, जिनमें से मध्यप्रदेश के लोगों को भी लाखों घर मिले हैं। जब इनकी सरकार थी, तो गरीबों के नाम पर लूटपाट होती थी। जो घर गरीबों को मिलते थे, वो रहने लायक नहीं होते थे। लेकिन आज लाखों परिवार खुशी-खुशी गृह प्रवेश कर रहे हैं, क्योंकि ये घर ये खुद बना रहे हैं। पहले घर के नाम पर सिर्फ चारदीवारी खड़ी कर दी जाती थी, लेकिन आज घर में टॉयलेट, बिजली, नल और उज्जवला योजना का सिलेंडर सब एक साथ मिलते हैं।
भाजपा ने नारी शक्ति को दिया सम्मान
श्री अग्रवाल ने कहा कि, भाजपा के लिए, लिए नारी सशक्तीकरण कोई वोट बैंक का हथकंडा नहीं, बल्कि राष्ट्र कल्याण का एक मिशन है। इन लोगों ने महिला आरक्षण के झूठे वादे करके वोट लिए और साजिशें रचकर संसद में उस कानून को पास नहीं होने दिया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बन चुका है। आज लोग भी मानने लगें हैं कि, मोदी की गारंटी हर गारंटी के पूरे होने की गारंटी है
कांग्रेस ने अन्याय और अत्याचार किया विकास नहीं
श्री अग्रवाल ने कहा कि, प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस सत्ता में रही। उनकी सरकार में अन्याय और अत्याचार का बोलबाला था। सामाजिक न्याय हाशिए पर चला गया था और कमजोर तथा पिछड़ों की सुनवाई नहीं होती थी। कानून व्यवस्था की हालत खराब थी और आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया था। आज यहां स्कूल-कॉलेज, हाईवे, रेलवे ट्रैक बन रहे हैं, एयरपोर्ट का विस्तार हो रहा है। क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। पहले यहां 2 लेन रोड नहीं थी, लेकिन आज 8 लेन के एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। जहां इन्फ्रास्ट्रक्चर और लॉ एंड ऑर्डर हो, वहां हर तरह के कारोबार फलते-फूलते हैं। लेकिन जहां विकास विरोधियों की सरकार आती है, वहां ये दोनों सिस्टम चरमरा जाते हैं। विकास विरोधी जहां जाते हैं, वहां तुष्टिकरण साथ जाता हैं और गुंडे, अपराधी, दंगाई बेलगाम हो जाते हैं। महिलाओं, दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार होते हैं।
भारत की रक्षा में अग्रणी है भाजपा
श्री अग्रवाल ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। किसी दुश्मन की हिम्मत नहीं है कि भारत माता की तरफ आंख उठा कर देख ले। एक समय था कि, पूर्व प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास्त्री जी ने कहा था कि अन्न के संकट के कारण सप्ताह में एक दिन व्रत रखो, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में आज देश के अन्न के भंडार भरे हैं और मध्यप्रदेश के किसानों ने तो ऐसा चमत्कार किया है कि 2003-04 तक 159 लाख मीट्रिक टन अन्न का उत्पादन था, आज अन्न का उत्पादन 619 लाख मीट्रिक टन हो गया है।
प्रदेश के 38 लाख गरीबो को मिले मकान
श्री अग्रवाल ने कहा कि, प्रदेश के लोगों को 38 लाख मकान बनाकर दिए गए। जिनके पास रहने की जमीन का टुकड़ा नहीं था, उन्हें पट्टा देकर जमीन का मालिक बनाने का कार्य चल रहा है। प्रधानमंत्री जी ने गरीबों के लिए मकान दिए थे, कमलनाथ ने वापस कर दिए, क्योंकि राज्य सरकार का शेयर न देना पड़े। यही नहीं श्री कमलनाथ ने जल जीवन मिशन योजना पर ताला डालने का काम किया था। आज भाजपा सरकार ने प्रदेश के 65 लाख घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्य किया है।