नीट-जेईई की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिलेगा सुनहरा अवसर
शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और खेल पर फोकस, अशासकीय शालाओं ने बनाई कार्ययोजना
नीट-जेईई प्रशिक्षण, खेल महोत्सव और सुरक्षा ऐप : अशासकीय शालाओं की कार्ययोजना
सिवनी यशो :- जिले के सबसे पुराने अशासकीय शैक्षणिक संगठन की महत्वपूर्ण बैठक डी.पी. चतुर्वेदी महाविद्यालय, बारापत्थर, सिवनी में आयोजित हुई। बैठक में जिले की अशासकीय शालाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को खेल, सांस्कृतिक, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य गतिविधियों से जोड़ने को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना रहा। बैठक में संगठन के अध्यक्ष डॉ. के.के. चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष आर.के. रघुवंशी, सचिव ए.के. तिवारी एवं कोषाध्यक्ष गजेश ठाकरे सहित विभिन्न अशासकीय शालाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नीट-जेईई के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण
प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत डी.पी. चतुर्वेदी रोल मॉडल स्कूल, ड्रीमलैंड सिटी, सिवनी में विद्यार्थियों को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
सिवनी से बाहर संचालित अशासकीय शालाओं के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार करने के लिए अशासकीय शालाओं में फाउंडेशन क्लास अनिवार्य करने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।
विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विकसित होगा विशेष ऐप
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कोषाध्यक्ष गजेश ठाकरे ने बताया कि आगामी वर्ष में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष सुरक्षा एवं सुविधा आधारित ऐप विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से अशासकीय शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
दिसंबर में खेल महोत्सव, लेदर बॉल क्रिकेट को मिलेगी प्राथमिकता
अध्यक्ष डॉ. के.के. चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी दिसंबर माह में खेल महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें शासकीय एवं अशासकीय शालाओं के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे।
खेल महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। क्रिकेट में लीग मैचों के साथ लेदर बॉल क्रिकेट को प्रमुखता दी जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है। कबड्डी, वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों को भी महोत्सव में शामिल किया जाएगा।
आयोजन के दौरान मैराथन दौड़ सहित अन्य गतिविधियां भी होंगी। खेल महोत्सव को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखेगी विद्यार्थियों की प्रतिभा
खेल महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें अशासकीय शालाओं के विद्यार्थी विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर के साथ-साथ संभागीय एवं राष्ट्रीय स्तर के मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई। उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर मिलें और वे शिक्षा के साथ खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें।
विभिन्न शालाओं के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में टी.एस. राहंगडाले, गंगेरूवा, खुमेंद्र पटले, गंगेरूवा, अनामिका कॉन्वेंट के राजेश जी, धनोरा से फिरदौस मोहम्मद खान, कमलेश ठाकुर, गणपत बारमैया, नरेंद्र दुबे, धनोरा, नरेंद्र अग्रवाल, सिवनी, डॉ. ओम तिवारी, पिपरवानी, दिनेश अग्रवाल, छपारा, मनीष पांडे एवं राजेश जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई बैठक में शिक्षा, विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।
यह भी पढ़ें:-
शालेय संभाग स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में जबलपुर ने मारी बाजी
सीएम डॉ. मोहन यादव का युवा शिक्षा अधिकारियों से संवाद, बोले- कोई भी बच्चा पीछे न रहे



