उर्वरक, बीज और कीटनाशक के अवैध विक्रय पर कार्रवाई, बरघाट थाने में एफआईआर दर्ज
कृषि विभाग की जांच में बिना लाइसेंस घर-घर बेचते मिले कृषि आदान
सिवनी अवैध उर्वरक विक्रय और बीज बिक्री पर कार्रवाई, बरघाट थाने में एफआईआर दर्ज
Seoni, 14 June 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले में कृषि आदानों के अवैध विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बरघाट विकासखंड के ग्राम सिलघाट में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक के अवैध विक्रय के मामले में बरघाट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के मार्गदर्शन में गठित जिला स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण दल ने शिकायत मिलने पर ग्राम सिलघाट में जांच की। विभाग को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव में किसानों के घर-घर जाकर बीज एवं उर्वरकों का विक्रय किया जा रहा है।
यह भी पढ़े :-मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की राशि 6 हजार रूपये करने पर मुख्यमंत्री का प्रदीप राय जताया आभार
जांच दल को मिले कृषि आदान
जांच दल में सहायक संचालक कृषि पवन कुमार कौरव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बरघाट मेघदूत परते, जिला परामर्शदाता मुकेश मीणा एवं कृषि विस्तार अधिकारी संजय कुमार चौहान शामिल थे।
यह भी पढ़े :- नकली डीएपी और अवैध उर्वरक कारोबार का बड़ा खुलासा, 150 बैग जब्त, एफआईआर दर्ज
निरीक्षण के दौरान ग्राम सिलघाट निवासी कृषक महासिंह भलावी के घर पर दानेदार जैविक खाद, धान बीज, ह्यूमिक एसिड एवं कीटनाशक पाए गए। पूछताछ में किसानों ने बताया कि उक्त सामग्री का विक्रय दिलीप भगत नामक व्यक्ति द्वारा घर-घर जाकर किया जा रहा था, जो जिला बालाघाट का निवासी है।
दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
जांच के दौरान संबंधित व्यक्ति से उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रय से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई लाइसेंस अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके पास मौजूद रजिस्टर में ग्राम सिलघाट के अलावा चिमनाखारी एवं टेटमा के किसानों को भी कृषि आदान बेचने का उल्लेख मिला।
यह भी पढ़े :- अनियमितता पर 06 कृषि केन्द्रों के लायसेंस निलंबित तथा 05 को नोटिस जारी
दस्तावेजों के अभाव में विक्रय किए जा रहे कृषि आदान संदिग्ध एवं अवैध पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985, बीज अधिनियम 1966 तथा कीटनाशी अधिनियम 1968 की धाराओं के अंतर्गत बरघाट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
लगातार जारी है कार्रवाई
कृषि विभाग द्वारा खरीफ सीजन 2026 के दौरान कृषि आदानों की गुणवत्ता एवं वैध विक्रय सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग के अनुसार जिले में अब तक अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कुल 4 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।
किसानों से की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों की खरीद करें तथा खरीदारी के समय बिल अवश्य लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध विक्रय की सूचना तत्काल कृषि विभाग या प्रशासन को दें।


