सामाजिक संदेशों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समा, रक्तदान व गौ रक्षा का दिया संदेश
अंगदान, बदलता दौर और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर महिलाओं व बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां
अग्रसेन जयंती समारोह में रक्तदान, अंगदान व गौ रक्षा का संदेश
Seoni, 09 October 2026
सिवनी यशो:- जबलपुर रोड लूघरवाड़ा स्थित अग्रोहा धाम में गुरुवार शाम महाराज श्री अग्रसेन जयंती जन्मोत्सव समारोह के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर उपस्थित समाजजनों की खूब तालियां बटोरीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से रक्तदान, अंगदान, गौवंश रक्षा, महिला सशक्तिकरण और बदलते सामाजिक परिवेश जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराज श्री अग्रसेन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। समाज के वरिष्ठ नागरिक आरएस अग्रवाल, अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल (भालोटिया), सचिव सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष तरुण अग्रवाल सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में नरेंद्र कौशल एवं अनमोल सच्चानी उपस्थित रहे।
कुरीतियों और सामाजिक मुद्दों पर प्रस्तुतियों से प्रहार
अग्रोहा सखी मंच ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से रक्तदान को मानवता का सच्चा धर्म बताते हुए लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। माधवी मंच ने आशा भोंसले के सदाबहार गीतों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं प्रगति महिला मंच ने बदलते दौर और महिलाओं की बदलती स्थिति को प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया। इसमें पुरानी पीढ़ी और वर्तमान समय की कॉलेज जाने वाली युवतियों की जीवनशैली के अंतर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

चार महिला ग्रुप ने ‘फिर मुस्कुराई जिंदगी’, ‘बदलता दौर-बदलती सोच’, ‘शादी एक कशमकश’ तथा ‘गौवंश की रक्षा, समाज की सुरक्षा’ जैसे विषयों पर एक्ट प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने सामाजिक कुरीतियों और बदलती सोच पर गंभीर संदेश दिया।
एक प्रस्तुति में गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के उपचार के लिए अंगदान की महत्ता को रेखांकित किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से बताया गया कि किसी व्यक्ति के अंगदान से दूसरे गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। वहीं गौवंश की रक्षा को समाज की जिम्मेदारी बताते हुए संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
पढ़ी-लिखी बहुओं को भी मिले आगे बढ़ने के अवसर
एक अन्य प्रभावशाली एक्ट में सामाजिक सोच के दोहरेपन को सामने रखा गया। इसमें दिखाया गया कि एक परिवार अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करता है, लेकिन पढ़ी-लिखी इंजीनियर बहू को केवल घरेलू कार्यों तक सीमित कर देता है। प्रस्तुति के माध्यम से बेटियों के साथ-साथ बहुओं को भी अपनी शिक्षा और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर देने का संदेश दिया गया।

बॉलीवुड जोड़ी प्रस्तुति में तीन ग्रुप ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं हास्य कवि सम्मेलन में प्रतिभागियों ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से उपस्थितजनों को खूब गुदगुदाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच संचालन हिमांशी भालोटिया एवं श्वेता संदीप अग्रवाल ने किया।
10 अक्टूबर को सजेगा आनंद मेला
अग्रवाल समाज समिति द्वारा 10 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से आनंद मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में खान-पान एवं हस्तकला के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही म्यूजिकल चेयर, पासिंग द पार्सल एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शाम 7 बजे ‘खेलो और जीतो’ कार्यक्रम के तहत आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
वाहन रैली के बाद होगा मुख्य समारोह
प्रवक्ता संजय अग्रवाल ने बताया कि अग्रकुल प्रवर्तक महाराज श्री अग्रसेन का 5180वां जन्मोत्सव 11 अक्टूबर को जबलपुर रोड लूघरवाड़ा स्थित अग्रसेन भवन में भव्यता के साथ मनाया जाएगा। सुबह 10 बजे गंगानगर से भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लूघरवाड़ा स्थित श्री अग्रसेन भवन पहुंचेगी।
इसके बाद महाराज श्री अग्रसेन का हवन-पूजन मुख्य यजमान राजकुमार-संध्या अग्रवाल द्वारा कराया जाएगा। दोपहर 1 बजे मुख्य समारोह के मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, परिचय एवं उद्बोधन होगा। मुख्य अतिथि शैलेष कुमार अग्रवाल (आर्वी) एवं शोभादेवी अग्रवाल (आकोला) तथा विशिष्ट अतिथि संतोष कुमार अग्रवाल (मुलताई) एवं लक्ष्मण प्रसाद मोदी (केवलारी) होंगे।
समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान किए जाएंगे। शाम 5 बजे अग्रवाल धर्मशाला, दुर्गा चौक से परंपरानुसार गाजे-बाजे के साथ महाराज श्री अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करेगी।
अग्रवाल समाज समिति ने सभी अग्रबंधुओं से सपरिवार कार्यक्रमों में शामिल होकर सामाजिक एकता एवं सहभागिता का परिचय देने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़े :-
धान पंजीयन की तारीख बढ़ाने सक्रिय हुए कमल मर्सकोले
ताड़का वध से अहिल्या उद्धार तक, रामलीला में गूंजा श्रीराम का जयघोष
रावण के अत्याचार से त्रस्त हुई धरा, श्रीराम के जन्म के साथ शुरू हुई रामलीला
सरपंच संघ आक्रोशित; कलेक्टर से कार्रवाई की मांग, सरपंच से कथित अभद्रता पर बरघाट में बवाल



