मध्यप्रदेशसिवनी

स्कूल खुलते ही कलेक्टर ने कसी लगाम: कम उपस्थिति पर नाराजगी, अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश

प्राथमिक शाला कोहका और माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर का औचक निरीक्षण, घर-घर संपर्क कर विद्यार्थियों को स्कूल लाने के दिए निर्देश

कलेक्टर नेहा मीना स्कूल निरीक्षण, कम उपस्थिति पर नाराजगी, अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई

Seoni 21 June 2026
सिवनी यशो:- जिले में नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होते ही कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को उन्होंने विकासखंड सिवनी की प्राथमिक शाला कोहका तथा माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिवनी कलेक्टर नेहा मीना विद्यालय निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से चर्चा करती हुईं।
प्राथमिक शाला कोहका एवं माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश देतीं कलेक्टर नेहा मीना।

प्राथमिक शाला कोहका में कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी

प्राथमिक शाला कोहका के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दर्ज विद्यार्थियों की तुलना में उपस्थित बच्चों की संख्या अपेक्षित नहीं पाई।

इस पर उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों से नियमित संपर्क स्थापित कर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

यह भी पढ़े :- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जबलपुर बना योगमय, राष्ट्रपति मुर्मु, राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया सामूहिक योगाभ्यास

उन्होंने विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों की पहचान कर विशेष नामांकन अभियान चलाने तथा प्रत्येक पात्र बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पाठ्यपुस्तक वितरण, स्मार्ट क्लास संचालन एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया तथा वाचन गतिविधियों के माध्यम से सीखने की क्षमता का परीक्षण किया।

माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर में भी कम मिली उपस्थिति

माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर के निरीक्षण में यह सामने आया कि 16 जून से विद्यालय संचालन प्रारंभ होने के बावजूद अधिकांश छात्राएं अब तक विद्यालय नहीं पहुंची हैं। दर्ज छात्राओं की तुलना में कम उपस्थिति मिलने पर कलेक्टर ने प्राचार्य एवं शिक्षकों को प्रत्येक छात्रा और उसके अभिभावक से व्यक्तिगत संपर्क करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े :-  महाराणा प्रताप जयंती पर वीरांगनाओं ने किया माल्यार्पण, शौर्य और स्वाभिमान को किया नमन

उन्होंने कहा कि घर-घर संपर्क, दूरभाष संवाद एवं नियमित फॉलोअप के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी छात्रा शिक्षा से वंचित न रहे।

तीन शिक्षिकाएं मिलीं अनुपस्थित

निरीक्षण के दौरान शिक्षिका रोशनी जैन, श्वेता जैन एवं भावना चौरसिया अनुपस्थित पाई गईं। इस पर कलेक्टर श्रीमती मीना ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षकों की अनुपस्थित अवधि को अवैतनिक किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी शिक्षकों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना होगा।

यह भी पढ़े :- प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान बनें आत्मनिर्भर : विधायक दिनेश राय मुनमुन

पहुंच मार्ग निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर के पहुंच मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत पहुंच मार्ग निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं और शिक्षकों को आवागमन में कठिनाई का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़े :-सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को मिली रफ्तार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

शिक्षा की गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने दोनों विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के बेहतर परिणामों के लिए विद्यालय, शिक्षक, अभिभावक और प्रशासन के बीच समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

https://www.bbc.com/hindi/articles/c0errzl3zw8o

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button