पेंच नेशनल पार्क के वन तटों पर दिखी आकर्षक ड्रैगनफ्लाई – फुल्वस फॉरेस्ट स्कीमर (Fulvous Forest Skimmer)
लाल-भूरे रंग और पारदर्शी पंखों वाली यह दुर्लभ ड्रैगनफ्लाई स्वच्छ जल स्रोतों और हरे-भरे वनों की पहचान मानी जाती है
सिवनी, 12 अक्टूबर।
सिवनी यशो:- पेंच नेशनल पार्क के वन तटों पर इन दिनों एक आकर्षक ड्रैगनफ्लाई फुल्वस फॉरेस्ट स्कीमर (Fulvous Forest Skimmer) देखी जा रही है। इसका वैज्ञानिक नाम न्यूरोथेमिस फुल्विया (Neurothemis fulvia) है। मध्यम आकार की यह प्रजाति अपने लाल-भूरे शरीर और आधे रंगे पंखों के लिए जानी जाती है। पंखों के सिरे पर मौजूद पारदर्शी क्षेत्र इसे विशिष्ट सुंदरता प्रदान करता है।
इस दुर्लभ ड्रैगनफ्लाई को रविवार को फॉरेस्ट गार्ड मनोज सलामें ने अपने कैमरे में कैद किया। वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह दृश्य अत्यंत मनमोहक रहा।
(Fulvous Forest Skimmer) फुल्वस फॉरेस्ट स्कीमर भारत सहित दक्षिण और
दक्षिण-पूर्व एशिया के वनों,
नालों और दलदली इलाकों में पाई जाती है।
पेंच, कान्हा, बांधवगढ़ और सतपुड़ा जैसे प्रसिद्ध वन क्षेत्रों में यह प्रजाति अक्सर देखी जा सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी प्रजातियाँ पर्यावरणीय संतुलन की उत्कृष्ट सूचक होती हैं,
क्योंकि ये केवल स्वच्छ जल स्रोतों और
हरित आवासों में ही फलती-फूलती हैं।
इनका अस्तित्व स्थानीय पारिस्थितिकी की सुदृढ़ता को दर्शाता है।



