10.54 लाख किसानों को बड़ी सौगात: CM डॉ. मोहन यादव आज खातों में भेजेंगे 1460 करोड़, जगदीशपुर से होगा फसल बीमा राशि का ट्रांसफर
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, कैबिनेट बैठक भी आज जगदीशपुर में
CM मोहन यादव ने 10.54 लाख किसानों को 1460 करोड़ का फसल बीमा ट्रांसफर किया।
Bhopal 18 July 2026
भोपाल यशो:- मध्यप्रदेश के 10.54 लाख किसानों के लिए रविवार बड़ी राहत लेकर आ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 जुलाई को भोपाल जिले के जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 1,460.25 करोड़ रुपये की बीमा दावा राशि किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। इसी दिन जगदीशपुर में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक भी आयोजित होगी।
फसल नुकसान की भरपाई में बड़ी राहत
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, सूखा, ओलावृष्टि और अन्य विपरीत परिस्थितियों से प्रभावित किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। योजना के तहत फसल क्षति होने पर पात्र किसानों को बीमा दावा राशि उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार योजना शुरू होने से लेकर वर्ष 2024-25 तक मध्यप्रदेश के प्रभावित किसानों को 30,942.34 करोड़ रुपये से अधिक का बीमा दावा भुगतान किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में उन्हें बीमा योजना का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि मौसम वैज्ञानिकों द्वारा अल-नीनो प्रभाव के कारण इस वर्ष सामान्य से कम या असमान मानसून की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में किसानों को फसल बीमा कराना बेहद आवश्यक है।
‘हर परिस्थिति में किसानों के साथ है सरकार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और कृषि को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़े :-
पटवारियों की 5 सूत्रीय मांगें विधानसभा तक पहुंचेंगी: विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ को सौंपा ज्ञापन
भाजपा किसान मोर्चा जिला सिवनी की नई टीम घोषित, 32 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी



