ठरका खेडा में 19 दिसंबर को विशाल इनामी दंगल
देशभर के नामी पहलवान लगाएंगे दांव-पेंच, 51 हजार तक की कुश्तियां
Seoni 17 December 2025
सिवनी यशो:- जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठरका खेडा में ग्रामीण खेल परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से 19 दिसंबर 2025, शुक्रवार को विशाल इनामी दंगल का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन नव युवक मंडल समिति ठरका खेडा के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसे लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
दंगल का शुभारंभ दोपहर 12 बजे हनुमान जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिवनी विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ रहेंगे, जो परंपरागत दंगल का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
देशभर से पहुंचेंगे नामी पहलवान
दंगल के संचालक मुन्ना महाराज ने बताया कि इस ऐतिहासिक इनामी दंगल में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र सहित इंदौर, भोपाल, छिंदवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों से नामी पहलवान भाग लेंगे। अलग-अलग अखाड़ों के पहलवानों के बीच होने वाली कुश्तियों को लेकर दर्शकों में खासा रोमांच देखा जा रहा है।
51 हजार तक की इनामी कुश्तियां
आयोजकों के अनुसार दंगल में 500 रुपये से लेकर 51,000 रुपये तक की इनामी कुश्तियां रखी गई हैं।
-
प्रथम इनाम: 51,000 रुपये
-
द्वितीय इनाम: 31,000 रुपये
-
तृतीय इनाम: 21,000 रुपये
-
चतुर्थ इनाम: 11,000 रुपये
बड़ी इनामी राशि के कारण पहलवानों में जबरदस्त जोश और प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
व्यवस्थाएं पूरी, दर्शकों से अपील
दंगल संचालक मुन्ना महाराज ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अखाड़े की बेहतर व्यवस्था, पहलवानों की सुविधा,
दर्शकों के बैठने और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि –
बड़ी संख्या में पहुंचकर इस पारंपरिक इनामी दंगल का आनंद लें और पहलवानों का उत्साहवर्धन करें।


