ओरछा से भाजपा का मिशन-2047, विकसित मध्यप्रदेश के लिए महामंथन
प्रदेश कार्यसमिति में विकास, सुशासन और संगठन विस्तार का खाका; किसान-युवा-महिला से लेकर जनजातीय समाज और उद्योग तक हर वर्ग पर फोकस
ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति: विकसित मध्यप्रदेश के मिशन-2047 पर महामंथन
Bhopal 30 August 2026
ओरछा यशो:- श्रीराम राजा सरकार की पावन नगरी ओरछा रविवार को भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं के महामंथन की साक्षी बनी। यहां आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के प्रथम दिन संगठन, सरकार और आगामी राजनीतिक दिशा को लेकर विभिन्न सत्रों में व्यापक मंथन हुआ। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें विकसित भारत के साथ विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प, सुशासन, सेवा, सामाजिक समरसता, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, जनजातीय समाज के विकास, औद्योगिक निवेश और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विचार, संस्कार और राष्ट्रसेवा भाजपा की पहचान : हेमंत खण्डेलवाल
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। पार्टी की विचारधारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र की एकता-अखंडता के संकल्प तथा कुशाभाऊ ठाकरे की संगठन एवं कार्यकर्ता निर्माण की परंपरा से मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की शक्ति विचारधारा है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय की वास्तविक भावना है।
खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं से सेवा, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रभक्ति के साथ समाज के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगा अभियान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा दी है।
जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम सूर्यघर योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मोहन सरकार में सर्वांगीण विकास को गति
खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, युवा विकास और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के विभिन्न मोर्चे भी समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच सक्रिय हैं। जनजाति मोर्चा जनजातीय गौरव और संस्कृति, महिला मोर्चा सशक्तिकरण, युवा मोर्चा युवाओं को विकसित भारत 2047 से जोड़ने तथा किसान मोर्चा किसान कल्याण एवं कृषि विकास के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं है, बल्कि 24 घंटे और 365 दिन समाज के बीच सेवा का कार्य करता है।

2047 के लक्ष्य के लिए बूथ तक पहुंचे कार्यकर्ता : महेन्द्र सिंह
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा रामराजा सरकार की नगरी ओरछा से देश और प्रदेश में रामराज्य की भावना को मजबूत करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बूथ और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

संगठन की असली ताकत बूथ, हर घर तक पहुंचे सरकार : अजय जामवाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को प्रत्येक मतदाता और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती संघर्ष, विचारधारा और कार्यकर्ताओं के त्याग से बनी है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन को घर-घर तक ले जाना होगा। जितना मजबूत बूथ होगा, उतना मजबूत भाजपा का संगठन होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ और शक्ति केंद्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहा देश : शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार केंद्र की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से तीन गुना शक्ति के साथ सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और कर्तव्य को अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने किसान कल्याण का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के अन्न भंडार भर रहे हैं और किसान खाद्य सुरक्षा का आधार बन चुका है।
आर्थिक, डिजिटल और रक्षा क्षेत्र में भारत ने रचा इतिहास : सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, यूपीआई, वंदे भारत ट्रेनों और आधारभूत संरचना के विस्तार को देश की बदलती तस्वीर का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भरता और सामरिक क्षमता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। देश आज अपनी सुरक्षा चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में सक्षम है।

समरसता संकल्प अभियान से समाज को जोड़ने का प्रयास : लाल सिंह आर्य
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि संत संपर्क, कलश वंदन, छात्रावास संपर्क और समरसता यात्राओं के माध्यम से संत रविदास के समानता, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों पर जोर : गजेन्द्र पटेल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास, अधिकारों और संस्कृति-परंपराओं के संरक्षण के लिए भाजपा ने लगातार काम किया है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में जनसंवाद के माध्यम से समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है। जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भाजपा की प्राथमिकता है।
भारत फिर बनेगा विश्व का मार्गदर्शक : तरुण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्व का मार्गदर्शन करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत अब केवल दुनिया से अपेक्षा रखने वाला राष्ट्र नहीं, बल्कि जरूरत के समय अन्य देशों की सहायता करने की क्षमता रखने वाला देश बन चुका है। कोरोना काल में वैक्सीन और दवाओं के माध्यम से विभिन्न देशों की सहायता का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का विकसित भारत केवल भाजपा का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प बनना चाहिए।
मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश बनाने पर जोर : राजेंद्र शुक्ल
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। प्रदेश में सुशासन के साथ विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में हरित क्रांति, पर्यटन क्रांति और औद्योगिक क्रांति की दिशा में काम हो रहा है। केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
किसानों की खुशहाली सर्वोच्च प्राथमिकता : बंशीलाल गुर्जर
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसान कल्याण भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने भावांतर योजना, स्वामित्व योजना और न्यूनतम समर्थन मूल्य सहित किसान हित में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
महिला सम्मान और सशक्तिकरण पर सरकार का जोर : अर्चना चिटनिस
पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। महिला सशक्तिकरण को विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने सरकार की महिला हितैषी योजनाओं का उल्लेख किया।
राजनीतिक प्रस्ताव पारित, संगठनात्मक दिशा भी तय
प्रदेश कार्यसमिति के प्रथम दिन विभिन्न सत्रों में सरकार की उपलब्धियों, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा के साथ राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में प्रदेश के समग्र विकास, सामाजिक समरसता, किसान कल्याण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, जनजातीय विकास, उद्योग और रोजगार को प्राथमिकता देने की दिशा सामने रखी गई।
बैठक में नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का भी आत्मीय एवं गरिमापूर्ण सम्मान किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। दिन के समापन पर प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं अतिथियों ने रामराजा सरकार के दर्शन किए। बैठक में शोक प्रस्ताव के बाद दो मिनट का मौन भी रखा गया।
सोमवार को सेवा संकल्प अभियान पर कार्यशाला
भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का समापन सोमवार को होगा। सुबह 9:45 बजे ‘सेवा संकल्प अभियान’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक समापन सत्र होगा, जिसमें पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेगा और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा तय की जाएगी।
यह भी पढ़े :-खबर की दौड़ में सबसे आगे नहीं, भरोसे की दौड़ में सबसे आगे!
सिवनी को 9.82 करोड़ की दो सड़कों की सौगात, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने जताया आभार
मथुरा-वृंदावन की भक्ति में रंगे 196 श्रद्धालु, तीर्थ दर्शन के लिए हुए रवाना
छिंदवाड़ा में TET शिक्षकों पर पुलिस कार्रवाई, दिल्ली जा रहे 25 शिक्षक ट्रेन से उतारे


