भाजपा की संभागीय बैठक 15 अक्टूबर को छिंदवाड़ा में, हेमंत खण्डेलवाल करेंगे अध्यक्षता; राज्यपाल डॉ. ढालसिंह बिसेन का होगा सम्मान
सिवनी सहित चार जिलों के संगठन की होगी समीक्षा, कमजोर बूथों और सेवा संकल्प अभियान पर रहेगा फोकस; प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर भी रहेंगे मौजूद
भाजपा की बैठक कल छिंदवाड़ा में, हेमंत खण्डेलवाल करेंगे अध्यक्षता
Seoni 14 October 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी के छिंदवाड़ा संभाग की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार, 15 अक्टूबर को छिंदवाड़ा के अग्रवाल पैलेस, नरसिंहपुर रोड पर दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री चन्द्रशेखर जी तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं छिंदवाड़ा संभाग प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी की विशेष उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में देवभूमि उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल बनने पर डॉ. ढालसिंह बिसेन का सम्मान भी किया जाएगा।
भाजपा के मीडिया विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बैठक में छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी और पांढुर्णा जिलों के संगठनात्मक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। परिचय सत्र के साथ प्रारंभ होने वाली इस बैठक में संभाग के चारों जिलों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर
संभागीय बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की स्थिति की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और संगठन विस्तार की रणनीति पर मंथन होगा। कमजोर मंडलों एवं बूथों की स्थिति, जिलेवार संगठनात्मक चुनौतियों और अन्य राजनीतिक दलों की गतिविधियों की जानकारी भी समीक्षा के प्रमुख विषयों में शामिल रहेगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों, कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी आयोजनों पर भी चर्चा होगी। जिलों में वरिष्ठ नेताओं के प्रवास तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना को दिशा देने पर जोर रहेगा।
सांसद-विधायक से लेकर जिला संगठन तक की भागीदारी
बैठक में संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कार्यालय मंत्री एवं कोषाध्यक्ष सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिलों में निवासरत प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्षों, मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारियों तथा प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों की सहभागिता भी अपेक्षित है।
सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व जिला अध्यक्षों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है। जिलों की कोर कमेटियों द्वारा निर्धारित संख्या में अन्य प्रमुख कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में होगा संगठनात्मक मंथन
प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री चन्द्रशेखर जी की उपस्थिति में होने वाली यह बैठक संभागीय संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें चारों जिलों की संगठनात्मक स्थिति का आकलन कर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, कमजोर क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा होगी।
डॉ. ढालसिंह बिसेन का भव्य सम्मान समारोह
वहीं, देवभूमि उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल के रूप में नई संवैधानिक जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. ढालसिंह बिसेन का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल की विशेष उपस्थिति में होने वाला यह सम्मान समारोह मध्यप्रदेश के राजनीतिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र में डॉ. बिसेन के योगदान और उनकी नई उपलब्धि के अभिनंदन का महत्वपूर्ण अवसर होगा। संभागीय बैठक के दौरान आयोजित इस समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनका सम्मान करेंगे।
यह भी पढ़े :-
डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के राज्यपाल, सिवनी जिले में खुशी की लहर
सिवनी में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के 27 मंडल अध्यक्ष घोषित
दैनिक यशोन्नति की खबर का असर: जमीन खरीदी मामले में पटवारी याचना सोनी निलंबित


