लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेगी भाजपा, आपातकाल के काले अध्याय से युवाओं को कराया जाएगा अवगत
25 जून को जिला भाजपा कार्यालय में होगा कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेगी भाजपा, 25 जून को आपातकाल पर विशेष कार्यक्रम
Seoni, 23 June 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी द्वारा 25 जून को देश के लोकतांत्रिक इतिहास के सबसे काले अध्याय माने जाने वाले आपातकाल की वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर आपातकाल को “काला दिवस” के रूप में मनाते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के योगदान और बलिदान को स्मरण किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में सिवनी का बढ़ा सम्मान, डॉ. ढालसिंह बिसेन बने स्थायी आमंत्रित सदस्य
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में जिला भाजपा कार्यालय में 25 जून को दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान जेल भेजे गए लोकतंत्र सेनानियों एवं मीसाबंदियों का सम्मान किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- भाजपा कार्यालय में आज लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित
कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश के लोकतांत्रिक इतिहास के उस दौर से परिचित कराना है, जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और नागरिक अधिकारों पर व्यापक प्रतिबंध लगाए गए थे।
भाजपा नेताओं ने बताया कि 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और लोकतंत्र समर्थकों को जेलों में बंद कर दिया गया था। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया गया और नागरिक स्वतंत्रताओं को सीमित कर दिया गया। ऐसे कठिन समय में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के साहस और समर्पण को याद करना आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
यह भी पढ़े :-सिवनी: भीमगढ़ बांध नहर सीमेंटीकरण और केवलारी कॉलेज में विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि किस प्रकार उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। साथ ही युवाओं को लोकतंत्र के महत्व, संवैधानिक अधिकारों तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिक सहभागिता की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
यह भी पढ़े :-“आपातकाल सिर्फ संवैधानिक संकट नहीं, भारत की आत्मा पर प्रहार था” – आशीष दुबे
भाजपा का मानना है कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। इसलिए नई पीढ़ी को आपातकाल जैसे घटनाक्रमों से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध रह सकें।
जिला भाजपा ने सभी जनप्रतिनिधियों, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करने एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने के संकल्प में सहभागी बनने की अपील की है।



