बंडोल क्षेत्र में अवैध शराब पर बवाल, ग्रामीणों का बड़ा प्रदर्शन
500 ग्रामीणों ने बंडोल थाना पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
Bundol Illegal Liquor Seoni
Seoni March 16, 2026
सिवनी यशो:- बंडोल थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कथित अवैध शराब बिक्री (Bundol Illegal Liquor Seoni) को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। कलारबाकी क्षेत्र सहित आसपास के लगभग 8 से 10 गांवों के करीब 400 से 500 ग्रामीण महिला-पुरुष एकजुट होकर बंडोल थाना पहुंचे और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
Bundol Illegal Liquor Seoni : मुख्य मांगें
- गांवों में अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक
- सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई
- गांवों में बढ़ रही चोरी रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाए
- बंडोल शराब दुकान का ठेका दोबारा न दिया जाए
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप
ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि ग्राम बांद्रा निवासी मोनू राय और जितेंद्र राय द्वारा व्हाट्सएप सोशल मीडिया के माध्यम से आदिवासी समाज के संगठन के संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बातचीत के दौरान कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का भी उपयोग किया गया। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कई गांवों में अवैध शराब बिक्री की शिकायत
ग्रामीणों के अनुसार बंडोल थाना क्षेत्र के कई गांवों में अवैध शराब की बिक्री होने की शिकायत है। इनमें प्रमुख रूप से –
- चंद्रासालीवाड़ा (कलारबाकी)
- खमरिया
- बोथिया
- खामखरेली
- टिंगिटोला
सहित अन्य गांव शामिल बताए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इन स्थानों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
आबकारी विभाग पर भी लगाए आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बंडोल शराब दुकान के ठेकेदारों द्वारा गांव-गांव शराब पहुंचाई जा रही है और चौक-चौराहों तथा पान दुकानों पर इसकी बिक्री की जा रही है। ग्रामीणों ने इस पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बंडोल शराब दुकान का ठेका न देने की मांग
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बंडोल शराब दुकान का ठेका 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रिहायशी क्षेत्र और सड़क के पास होने के कारण इस दुकान का ठेका पुनः न दिया जाए।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों ने बंडोल थाना क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल बंडोल पुलिस ने ग्रामीणों को (Bundol Illegal Liquor Seoni) मामले में जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।





