पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन से जुड़ें किसान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा—नई तकनीक और नवाचार से खेती में समृद्धि के नए रास्ते खुले, किसानों को जल्द दिन में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का किसानों से आह्वान: फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन अपनाएं
Bhopal 21 August 2026
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई तकनीक और नवाचार ने खेती में समृद्धि के नए रास्ते खोले हैं। आने वाले समय में कृषि आधारित उद्योग ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और समृद्धि के नए अवसर पैदा करेंगे।
उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन को अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री शुक्रवार को अशोकनगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान फसल उत्पादन के साथ दुग्ध उत्पादन और मछली पालन को अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। खेती को लाभप्रद बनाने के लिए प्रदेश में बिजली, सिंचाई और खेतों तक सड़क संपर्क जैसी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।
अशोकनगर के किसान बने प्रदेश के लिए मिसाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अशोकनगर के अन्नदाता अपनी मेहनत और नवाचार से प्रदेशभर के किसानों के लिए मिसाल बन रहे हैं। जिले की चंदेरी साड़ी ने मध्यप्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाई है, वहीं अशोकनगर का शरबती गेहूं देशभर में अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा कि जिले के किसानों में धनिया और गुलाब जैसी उद्यानिकी फसलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। कम बारिश की चुनौती के बीच डीआरएस तकनीक से धान की रोपाई का रकबा बढ़ाकर किसानों ने विपरीत परिस्थितियों को अवसर में बदला है। फसल विविधीकरण के चलते जिले में चना और मसूर का रकबा भी बढ़ा है।
सीमा पर जवान और खेत में किसान की भूमिका समान
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान, महिला, गरीब और युवा राज्य सरकार की प्राथमिकता में हैं। किसान के समृद्ध और खुशहाल होने से समाज भी अन्न और धन-धान्य से समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान और खेत में किसान की भूमिका समान है, दोनों देश के प्रति समर्पित हैं।
उन्होंने कहा कि किसान का अर्थ ही स्वावलंबन है। अपने परिश्रम से किसान परिवार के साथ-साथ पूरे समाज के पालन-पोषण के लिए अन्न उपलब्ध कराता है। इसी भावना के साथ राज्य सरकार किसान हित में संवेदनशीलता और सक्रियता से काम कर रही है तथा पूरे साल को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
किसानों को बिजली, पानी और सड़क की सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेती को लाभकारी बनाने के लिए बिजली और पानी की उपलब्धता बढ़ाने के साथ खेतों तक सड़क संपर्क उपलब्ध कराने का कार्य जारी है। किसानों की सुविधा के लिए वर्ष में एक ही बार खाते को क्लियर करने की व्यवस्था की गई है। कृषि भूमि के भू-अर्जन पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिए जाने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए पांच, सात और दस हॉर्स पावर के बिजली पंपों की सुविधा सब्सिडी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले कुछ महीनों में किसानों को दिन में ही पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को वर्तमान स्तर से बढ़ाकर 12 से 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी आय का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि फसल के साथ अन्य कृषि गतिविधियों को जोड़ने से किसान की आय के स्रोत बढ़ेंगे और कृषि अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बन सकेगी।
किसानों की अगली पीढ़ी के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की वर्तमान जरूरतों के साथ उनकी आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा और संवर्धन के लिए भी प्रतिबद्ध है। किसानों के बच्चों की शिक्षा के लिए सांदीपनि विद्यालयों के साथ प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को भी बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिली है। सरकार का प्रयास है कि किसान परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हों और उनकी अगली पीढ़ी को बेहतर अवसर मिलें।
जन्माष्टमी, बलराम जयंती और रक्षाबंधन की दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में उपस्थित किसानों को आगामी जन्माष्टमी, बलराम जयंती और रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किसानों से कृषि में नई तकनीक और नवाचार अपनाने के साथ पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
यह भी पढ़े :-
नाइट कांबिंग ऑपरेशन में सिवनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 82 वारंटी गिरफ्तार



