बारिश में पानी से बीमारी का खतरा! सिवनी में पीएचई अलर्ट, गांव-गांव हैंडपंप और कुओं में डाली जा रही क्लोरीन
डायरिया रोको अभियान तेज, कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर विभाग सक्रिय; उबालकर पानी पीने और दूषित जल की सूचना देने की अपील
सिवनी डायरिया रोको अभियान तेज, पीएचई विभाग ने पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन बढ़ाया
Seoni 16 July 2026
सिवनी यशो:- वर्षाकाल में डायरिया और अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने जिलेभर में “डायरिया रोको अभियान” तेज कर दिया है। अभियान के तहत गांव-गांव में हैंडपंप, कुएं, बोरवेल एवं अन्य पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनेशन किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देश एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री मनोज कुमार बघेल के मार्गदर्शन में विभागीय अमला जिले के सभी विकासखंडों में लगातार अभियान चला रहा है।

डायरिया, हैजा और टाइफाइड से बचाव पर विशेष फोकस
कार्यपालन यंत्री मनोज कुमार बघेल ने बताया कि बारिश के दौरान वर्षा का पानी पेयजल स्रोतों को दूषित कर देता है, जिससे डायरिया, हैजा, टाइफाइड सहित कई जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
इसी को देखते हुए प्रत्येक विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पेयजल स्रोतों में क्लोरीन डाली जा रही है।
उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य केवल क्लोरीनेशन करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करना भी है।
ग्रामीणों को भी किया जा रहा जागरूक
पीएचई विभाग की टीम गांवों में पहुंचकर नागरिकों को उबालकर या शुद्ध किया हुआ पानी पीने, पानी को साफ एवं ढंककर रखने तथा जलजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दे रही है।
दूषित पानी दिखे तो तुरंत दें सूचना
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षाकाल के दौरान केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें।
यदि किसी हैंडपंप, कुएं या अन्य जलस्रोत में गंदगी या दूषित पानी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़े :-
घर घर स्वच्छ जल’ अभियान के बीच सिवनी में दूषित पेयजल पर बड़ा सवाल, मंत्रालय तक पहुंची शिकायत
सिवनी पुलिस के 5 निरीक्षक बने डीएसपी, 3 सूबेदार पदोन्नत होकर बने रक्षित निरीक्षक
375 किलोमीटर की मैहर पदयात्रा पूरी कर मां शारदा के दरबार पहुंचे सांसद बंटी विवेक साहू



