15 जुलाई को सिवनी में लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला, निजी कंपनियों में नौकरी का सुनहरा मौका
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में होगा आयोजन, 8वीं से स्नातक और आईटीआई उत्तीर्ण युवा कर सकेंगे आवेदन
15 जुलाई को सिवनी में जिला स्तरीय रोजगार मेला, 8वीं से स्नातक और आईटीआई युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
Seoni 07 July 2026
सिवनी यशो:- जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर लेकर जिला प्रशासन 15 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन करने जा रहा है। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार युवा संगम कार्यक्रम के तहत 15 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सिवनी में यह मेला आयोजित होगा।
जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा शासकीय आईटीआई सिवनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस मेले का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जोड़ना है।
यह भी पढ़े :- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, सीएम बोले- रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मेले में देश और प्रदेश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। ट्रेनी, मशीन ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, बीमा एजेंट, सेल्स एग्जीक्यूटिव और कॉल सेंटर ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
8वीं से स्नातक तक के युवा ले सकेंगे भाग
रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं, जिन्होंने 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई या स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की हो।
यह भी पढ़े :- शिवपुरी में 2,500 करोड़ के अडानी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
ये दस्तावेज साथ लाना होंगे
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन, शैक्षणिक अंकसूचियां एवं प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो अनिवार्य रूप से लेकर आएं, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह भी पढ़े :- ⚡ सावधान! बरसात में बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और टूटे तार बन सकते हैं जानलेवा
उन्होंने जिले के अधिक से अधिक पात्र युवक-युवतियों से रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों का लाभ उठाने के लिए मेले में सहभागिता करने की अपील की है। मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता (मार्ग व्यय) देय नहीं होगा।



